वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ कैंपेन की घोषणा

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आज ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ कैंपेन की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ कैंपेन 18 अक्टूबर से शुरू करने जा रहे हैं, लेकिन आप आज से ही रेड लाइट पर गाड़ी बंद करना शुरू कर दें। हर दिल्लीवासी ‘रेड लाइट पर गाड़ी बंद करके, हफ्ते में कम से कम एक या अधिक दिन अपनी गाड़ी का इस्तेमाल न करके और ग्रीन दिल्ली एप पर प्रदूषण फैलाने वालों की शिकायत करके वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं। अगर रेड लाइट पर गाड़ी बंद रखते हैं, तो साल में 250 करोड रुपए की बचत हो सकती है और 13-20 फीसद तक प्रदूषण भी कम हो सकता है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पड़ोसी राज्यों ने अपने किसानों की मदद नहीं की है। इसलिए किसान न चाहते हुए भी पराली जलाने को मजबूर हैं और उसकी वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने लगा है। इसलिए सभी से अपील है कि दिल्ली में बाहर से आ रहे पराली के प्रदूषण से निपटने के लिए हर दिल्लीवासी अपने हिस्से के प्रदूषण को कम करने की कोशिश करें।
पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने का सिलसिला शुरू हो गया है, उसकी वजह से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने लगा है- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने आज डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मैं पिछले एक महीने से हर रोज दिल्ली के वायु प्रदूषण का डेटा ट्वीट कर रहा हूं। आपको दिखाने के लिए कि दिल्ली में रोज कितना प्रदूषण है। पिछले एक महीने में हमने देखा कि दिल्ली में इंडस्ट्री और वाहन प्रदूषण समेत सबका मिलाकर दिल्ली का अपना प्रदूषण सुरक्षित दायरे में है। पिछले एक महीने से मैं आपको दिखाने के लिए यह ट्वीट कर रहा था। दिल्ली का वायु प्रदूषण पूरा साल सुरक्षित दायरे में रहता है। लेकिन इस वक्त (ठंड के मौसम में) प्रदूषण बढ़ जाता है। आपने देखा होगा कि पिछले तीन-चार दिन से वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। क्योंकि आसपास के राज्यों के अंदर वहां की सरकारों ने अपने किसानों की मदद नहीं की। इसलिए किसान न चाहते हुए भी अपनी-अपनी पराली जलाने के लिए मजबूर हैं। पराली जलनी चालू हो गई है। नासा की सेटेलाइट से जो इमेजेज आ रही हैं, वह यह दिखा रही हैं कि अब पराली जलाने का सिलसिला चालू हो गया है। उसकी वजह से दिल्ली के अंदर प्रदूषण फिर से बढ़ने लगा है।
‘आप’ की सरकार ने दिल्ली वासियों के साथ मिलकर दिल्ली का वायु प्रदूषण 25 फीसद तक कम किया है- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब से दिल्ली के अंदर आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। पिछले 7-8 साल के अंदर दिल्ली के अपने दो करोड़ दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर 25 फीसद तक वायु प्रदूषण को कम किया है। दिल्ली के लोगों ने बड़ी मेहनत की है। दिल्ली के लोगों ने बहुत ही सहयोग किया है। हम सब दिल्ली वालों ने मिलकर दिल्ली का वायु प्रदूषण 25 फीसद तक कम किया है। पीएम-10 और पीएम-2.5 दोनों ही 25 फीसद से ज्यादा कम हो गया है। लेकिन हमें अभी बैठना नहीं है। अब जब बाहर से पराली का प्रदूषण आने लगा है। तो हम कोशिश करें कि अपना दिल्ली का प्रदूषण और कम कर लें, ताकि हमारी सेहत ठीक रहे। मैंने पिछले हफ्ते आप के सामने 10 पॉइंट एक्शन प्लान रखा था कि दिल्ली सरकार अपने स्तर पर क्या-क्या करने जा रही है? हम वायु प्रदूषण को कम करने के लिए मोटे-मोटे 10 कदम उठाने जा रहे हैं।
अपने हिस्से का प्रदूषण कम करके वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद करें- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं आपका सहयोग चाहता हूं कि हर दिल्लीवासी को भी अपने-अपने हिस्से का प्रदूषण कम करना है। हम सब किसी न किसी रूप में प्रदूषण फैलाते हैं। हम कुछ न कुछ ऐसा करते हैं, जिससे प्रदूषण पर फैलता है। अब जब दिल्ली में बाहर से प्रदूषण आ रहा है, तो उससे निपटने के लिए हम अपना प्रदूषण कम कर लें। पड़ोसी राज्यों की सरकारों से तो हम कहते ही रहते हैं और केंद्र सरकार से भी कहते रहते हैं। हम अनुरोध करते रहते हैं कि हमने तो बायो डि-कंपोजर का इस्तेमाल कर लिया, आप भी कर लो, लेकिन वे नहीं कर रहे हैं और कब करेंगे, हमें पता नहीं है। इन सब के बीच हमें तो अपनी सेहत की चिंता है। इसलिए हम अपने हिस्से का प्रदूषण कम कर लें। इसमें सहयोग देने के लिए आज मैं आपसे तीन गुजारिश करना चाहता हूं।
रेड लाइट पर गाड़ी बंद करने से तेल भी बचेगा और प्रदूषण भी नहीं होगा- अरविंद केजरीवाल
पहला- मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले साल हम सब लोगों ने मिलकर ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ कार्यक्रम चलाया था। इसके बड़े शानदार नतीजे आए थे। अक्सर रेड लाइट होने पर हम अपनी गाड़ी रोक लेते हैं, लेकिन गाड़ी का इंजन ऑन रखते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल जलता रहता है। कई बार रेड लाइट पर गाड़ियों की वजह से इतना प्रदूषण हो जाता है कि अगर आप वहां खड़े हो जाएं, तो आंखें जलने लग जाती हैं। हम सब दिल्ली के लोगों ने मिलकर यह कैंपेन चलाया था कि जैसे ही रेड लाइट ऑन हो, अपनी गाड़ी ऑफ कर देते थे और जैसे ही रेड लाइट ग्रीन हो, गाड़ी ऑन कर लेते थे। इससे आपका तेल भी बचेगा और प्रदूषण भी नहीं होगा। आज हमें यह कसम खानी है कि अब रेड लाइट पर जब भी हम रुकेंगे, गाड़ी बंद कर देंगे। दिल्ली सरकार की तरफ से 18 अक्टूबर से यह कैंपेन अधिकारिक रूप शुरू हो रहा है, लेकिन आप आज से रेड लाइट पर अपनी गाड़ी बंद करना शुरू कर दीजिए।
दिल्लीवासियों से अपील, हफ्ते में कम से कम एक बार अपनी गाड़ी का इस्तेमाल न करें- अरविंद केजरीवाल
दूसरा- मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि क्या हम हफ्ते में एक बार या एक से अधिक बार अपनी गाड़ी या स्कूटर का इस्तेमाल रोक नहीं सकते हैं। हम रोज दफ्तर, मार्केट या किसी भी चीज के लिए अपनी गाड़ी या स्कूटर लेकर घर से बाहर निकलते हैं। अगर हम हफ्ते में एक बार ऐसा कर लें कि हम अपनी गाड़ी लेकर नहीं जाएंगे। हम या तो मेट्रो या बस से जाएंगे या फिर किसी के साथ गाड़ी शेयर कर लेंगे। अगर हम ऐसा करेंगे, तो विशेषज्ञों द्वारा बताया जा रहा है कि इससे प्रदूषण भी खूब कम होगा और खूब तेल भी बचेगा। आज हमें यह दूसरी कसम खानी है कि हम हफ्ते में कम से कम एक बार या एक बार या एक से ज्यादा अपनी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उस दिन हम या तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करेंगे या किसी के साथ कार पुलिंग करेंगे।
दिल्ली में कहीं पर भी प्रदूषण हो रहा हो, उसकी ग्रीन दिल्ली एप पर शिकायत करें – अरविंद केजरीवाल
तीसरा- मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने ग्रीन दिल्ली एप बनाया था। अगर आपने अभी तक इसे डाउनलोड नहीं किया है, तो जरूर डाउनलोड कर लीजिए। साथ ही यह जिम्मेदारी लीजिए कि आप दिल्ली के अंदर कहीं पर भी प्रदूषण देखते हैं, जैसे- कोई ट्रक जा रहा है उससे बहुत प्रदूषण हो रहा है, किसी इंडस्ट्री से बहुत प्रदूषण हो रहा है या आप कहीं पर कूड़ा जलता हुआ देखते हैं, तो आप उसकी शिकायत ग्रीन दिल्ली एप पर कीजिए। हमारी टीम तुरंत वहां पहुंच कर प्रदूषण करने वाली चीज को रोकेगी। अभी तक इस एप पर 23 हजार से ज्यादा शिकायतें आई हैं और उन सब का निपटारा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पैट्रोलियम कंजर्वेशन रिसर्च एसोसिएशन का आंकड़ा है कि अगर हम रेड लाइट पर अपनी गाड़ी ऑफ करना चालू कर दें, तो साल में 250 करोड़ रुपए का ईंधन बचा सकते हैं और 13-20 फ़ीसदी प्रदूषण कम हो सकता है। मेरा सभी दिल्ली वासियों से अनुरोध है कि हम पहली चीज, रेड लाइट ऑन के दौरान अपनी गाड़ी ऑफ करेंगे। दूसरी चीज, हम हफ्ते में कम से कम एक ट्रीप अपनी गाड़ी या स्कूटर से कम करेंगे और तीसरा, ग्रीन दिल्ली एप के जरिए हम सरकार का आंख और कान बनेंगे और उस पर सरकार से शिकायत करेंगे, ताकि सरकार उस पर कदम उठा सके। पिछले साल कई सालों में हम सबने मेहनत करके वायु प्रदूषण को कम किया है, और भी प्रदूषण कम करेंगे।



