स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में ड्रोन उड़ाने पर रोक

2 से 16 अगस्त तक लागू रहेगा प्रतिबंध

Delhi Bans Drones from August 2 to 16 Ahead of Independence Day 2026
Delhi Bans Drones from August 2 to 16 Ahead of Independence Day 2026

Delhi Drone Ban 2026 : स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक ड्रोन और अन्य छोटे हवाई प्लेटफॉर्म के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

इन हवाई उपकरणों पर रहेगा प्रतिबंध

दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार प्रतिबंध केवल ड्रोन तक सीमित नहीं है। इस अवधि में ड्रोन (UAV/UAS), क्वाडकॉप्टर, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून, छोटे पावर्ड एयरक्राफ्ट और विमान से पैरा-जंपिंग जैसी सभी गतिविधियों पर रोक रहेगी।

सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

दिल्ली पुलिस के मुताबिक खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट में आशंका जताई गई है कि असामाजिक तत्व या आतंकवादी छोटे हवाई उपकरणों का इस्तेमाल कर आम लोगों, वीआईपी, वीवीआईपी और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं। इसी संभावित खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह प्रतिबंध लगाया गया है।

उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। आदेश की प्रतियां सभी पुलिस थानों, तहसील कार्यालयों तथा NDMC, MCD, PWD, DDA और दिल्ली छावनी बोर्ड सहित संबंधित सरकारी कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी लगाई जाएंगी। सभी लोगों को अलग-अलग नोटिस जारी करना संभव नहीं होने के कारण यह आदेश एक्स-पार्टी (Ex Parte) जारी किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस पर रहती है कड़ी सुरक्षा

हर वर्ष 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और देश को संबोधित करते हैं। इस अवसर पर हजारों नागरिकों के साथ-साथ कई वीवीआईपी और वीआईपी भी मौजूद रहते हैं। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस हर साल विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करती है।

Read Also : खराब मौसम के कारण फिर थमी अमरनाथ यात्रा

गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े ड्रोन के जरिए लाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया था और इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए इस बार भी स्वतंत्रता दिवस से पहले ड्रोन और अन्य छोटे हवाई उपकरणों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button