विपक्ष ने मुसलमानों को सिर्फ छला, भाजपा ने विकास से जोड़ा : मोहसिन रजा

एजेंसी, लखनऊ। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के ‘कितना बदल यूपी’ विषयक दो दिवसीय डीडी कॉन्क्लेव के चौथे सत्र में बोलते हुए प्रदेश के अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री मोहसिन रजा (MohsinRaza) ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री मोदी ने और उत्तर प्रदेश में योगी ने राजनीतिक ट्रेंड में बड़ा बदलाव किया है।

आज राजनीति के केंद्र में किसान, युवा, महिला सुरक्षा, विकास, सड़क और बिजली है। हमारी कोई भी योजना में भेद नहीं किया गया। सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम किया है। जनता यह सब समझ रही है कि हम सत्ता में सेवा के लिए आये हैं। इसीलिए हम 2022 में एक बार फिर सरकार बनाने जा रहे हैं। अगले पांच सालों तक प्रदेश की सेवा हम फिर करेंगे।

मोहसिन रजा ने कहा कि विपक्ष के लोगों ने मुसलमानों को केवल खजूर की गुठली दी। कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि एक्सीडेंटल हिन्दू ने मुसलमानों को डराया। सच्चे हिन्दू ने मुसलमानों के साथ न्याय किया। केंद्र में मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी ने मुसलमानों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा। उत्तर प्रदेश में 46 लाख आवास दिए गए हैं। उसमें से 12 से 13 लाख मुसलमानों को लाभ मिला है। कांग्रेस से लेकर समाजवादी पार्टी ने अल्पसंख्यकों को धोखा दिया है।

उन्होंने अखिलेश यादव के भाजपा पर अल्पसंख्यक विरोधी आरोपों पर कहा कि जब किसी को परोसी थाली मिल जाती है तो वह टेस्ट लेने के लिए कहता है, लेकिन जो लोग मेहनत करके खाने की व्यवस्था करते हैं वह रोटी पेट भरने के लिए करते हैं। अखिलेश सरकार की कोई भी उपलब्धि नहीं है जिसे आज वह बता सकते हैं। वह तुष्टीकरण करते थे। हम सबको साथ लेकर सबका विकास करते हैं।

हमारी सरकार ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से मुक्त कराया। चंद लोग मिलकर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड  (All India Muslim Personal Law Board) का गठन किया। वह हमेशा ऐसे बदलावों का विरोध करता रहा है। हमारी सरकार ने मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम लागू किया। ओडीओपी योजना का बड़ा लाभ मुस्लिम समाज के लोगों को हुआ है। हमारी सरकार ने जाति धर्म को नहीं देखा है। पात्रता के आधार पर ईमानदारी से योजनाएं लागू कर रहे हैं। सभी योजनाओं में मुसलमानों को लाभ मिला है।

मुसलमानों का भाजपा को वोट नहीं मिलने के सवाल पर मोहसिन ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मुस्लिम समाज का आठ प्रतिशत वोट मिला था। आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मुसलमानों का 20 प्रतिशत वोट मिलने जा रहा है। इस बात पर अभी जिनको यकीन नहीं हो रहा है, विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद समझ जाएंगे।

उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) पर कहा कि बैरिस्टर साहब बताएं कि क्या तेलंगाना में सारी चीजें ठीक हो गईं। क्या वहां सभी बैरिस्टर हो गए? वह यहां दुकान चलाने आये हैं। उप्र में उनकी दाल गलने वाली नहीं है। वह केवल कब्रिस्तान बनाते हैं। हमारी सरकार धार्मिक क्षेत्र का विकास करती है। श्रद्धालुओं के लिए रास्ता बनाते हैं। अयोध्या काशी का विकास हो रहा है तो उससे सभी वर्ग के लोगों को लाभ होगा।

जो लोग विकास की बात करते हैं, उनसे पूछना चाहता हूं कि देश में 60 वर्षों तक कांग्रेस ने राज किया। उन्होंने शौचालय बनाना भी मुनासिब नहीं समझा। प्रधानमंत्री मोदी ने चिंता की। आतंकियों को ठोकने की बात होती है तो विपक्ष के लोगों में बेचैनी क्यों ? मैं नहीं समझ पा रहा हूँ कि वह लोग इतना बेचैन क्यों हो रहे हैं। हमारी सरकार ने देवबंद में एटीएस की स्थापना की गई है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि जो समुदाय 25 करोड़ है, वह अल्पसंख्यक कैसे हो सकता है। बहुत से लोग बंद कमरे में तो कहते हैं कि 35 करोड़ हो गए हैं।

News Source : वेब वार्ता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button