डीएसईयू में यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स संपन्न हुए, क्षेत्रीय स्तर के लिए 8 छात्रों का हुआ चयन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 के लिए दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किये गए ‘यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स’ संपन्न हो गए हैं। प्रतियोगिता में डीएसईयू के 500 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया। जिनमें से 119 छात्रों को ‘समूह चर्चा’ के लिए चुना गया। विश्वविद्यालय ने क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स से चुने गए सर्वश्रेष्ठ 8 छात्रों की घोषणा कर दी है।

पर्यावरण संरक्षण गतिविधि (पीएसजी) द्वारा देश भर के विश्वविद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देयेश युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाना एवं उन्हें मौजूदा पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में प्रोत्साहित करना है।

उप कुलपति प्रो. नेहारिका वोहरा ने छात्रों को पर्यावरण से संबंधित विषयों ‘उर्जा के वैकल्पिक स्रोत’, ‘प्लास्टिक से जुड़े पर्यावरण के अनुकूल अपशिष्ट प्रबंधन’ आदि पर अपने विचार व्यक्त कर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स में प्रत्येक छात्र का प्रयास सराहनीय रहा है। हम सभी चुने गए छात्रों को क्षेत्रीय दौर के लिए शुभकामनाएं देते हैं। इन संवादों के मकसद को याद रखना एवं अपने पर्यावरण को स्वस्थ बनाने के लिए छोटे-छोटे कदम उठाने का संकल्प लेना जरूरी है। अपने साथियों से सीखें एवं अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता से इस प्रतियोगिता में भाग लें।

नोडल अधिकारीयों डॉ. अचला कौशल एवं डॉ. रश्मि पंवार ने कहा कि ‘समूह चर्चा’ दौर के लिए छात्रों की निष्ठा को देखकर हमें बेहद ख़ुशी है। जूरी सदस्य एवं मॉडरेटर्स अल्पना सिंह, गौतम पांडा, डॉ. ज्योति कुलकर्णी, कल्प मिश्रा, डॉ एमडी जोशी, डॉ ममता आर सिंह, डॉ रविंद्र सिंह चौहान, डॉ रेखा वलेचा, रिनियो नानी, डॉ साहिल कौल, सीमाब अहमद, स्मृति महापात्रा, विनीता गुप्ता का यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स के लिए छात्रों का मार्गदर्शन एवं तैयारी कराने के लिए महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

यूनिवर्सिटी प्रीलिम्स में शीर्ष 3 स्थान पर नवनीत सिंह (बी.बी.ए., द्वितीय वर्ष), अभिषेक रोहन (मास्टर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, प्रथम वर्ष) एवं जीया ठुकराल (बी.एस.सी. मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, प्रथम वर्ष) रहे। शीर्ष 8 विजेताओं में इशिता गर्ग (बी.ए. डिजिटल मीडिया एंड डिजाइन, प्रथम वर्ष), मयंक शर्मा (बी.बी.ए. बैंकिंग फाइनेंसियल सर्विसेज एंड इन्शुरन्स, प्रथम वर्ष), कनक शर्मा (टूल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, द्वितीय वर्ष), विधि वर्मा (बैचलर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, प्रथम वर्ष), एवं सिमरा खानम (बी.एस.सी. मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, प्रथम वर्ष) शामिल हैं।

यह 8 छात्र 23 जनवरी 2022 को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित की जाने वाली क्षेत्रीय स्तर (सेमी-फाइनल) की प्रतियोगिताओं में डीएसईयू का प्रतिनिधित्व करेंगे।***

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button