दिल्ली : क्रिसमस-न्यू ईयर के आयोजन में एकत्रित होने पर पाबन्दी

क्रिसमस (Christmas) और नए साल (New Year) के जश्न के आयोजन के लिए होने वाले किसी भी जमावड़े पर दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने रोक लगा दी है. DDMA ने इसके लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिया है. वहीं दिल्ली में फिर 50 प्रतिशत के साथ रेस्टोरेंट, सिनेमाघर और बार खुलेंगे.
आदेश के अनुसार किसी भी तरह के कल्चरल इवेंट, गैदरिंग पर रोक लगाई गई है. जिला प्रशासन के अधिकारियों और दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के अधिकारियों को आदेश का पालन करने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन से रोजाना रिपोर्ट देने के लिए कहा गया. Omicron के बढ़ते मामलों के मद्देनजर DDMA का ये आदेश जारी किया है. इसी के साथ मार्केट ट्रेड एसोसिएशन को दुकानों पर No Mask No Entry लागू करने के लिए कहा गया.
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि राजधानी में कोरोना वायरस से संक्रमित सभी लोगों के नमूनों का जीनोम अनुक्रमण बुधवार को शुरू कर दिया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि ओमिक्रॉन स्वरूप का संक्रमण किस स्तर तक फैला है. राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के रोजाना करीब 100 से 125 मामले सामने आ रहे हैं और उसके पास रोज 400 से 500 नमूनों के जीनोम अनुक्रमण की क्षमता है.
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि यकृत एवं पित्त विज्ञान संस्थान और लोक नायक अस्पताल में दिल्ली सरकार द्वारा संचालित प्रयोगशालाएं प्रतिदिन 100 नमूनों का अनुक्रमण कर सकती हैं. दिल्ली में केंद्र द्वारा संचालित दो प्रयोगशालाएं एक दिन में 200-300 नमूनों का अनुक्रमण कर सकती हैं, यानी एक दिन में 400-500 नमूनों का विश्लेषण किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रोजाना करीब 100 से 125 नए मामले सामने आ रहे हैं. कोविड-19 के सभी मरीजों के नमूनों का अनुक्रमण बुधवार से शुरू होगा. इसके जरिए हम यह पता लगा पाएंगे कि समाज में इसके (ओमिक्रॉन के) कितने मामले हैं. अभी तक (ओमिक्रॉन से संक्रमण के) अधिकतर मामले विदेशों से आए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में ओमिक्रॉन मामलों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक बैठक के बाद घोषणा की थी कि सभी संक्रमित रोगियों के नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे जाएंगे. जैन ने कहा कि सरकार क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लोगों की भीड़ रोकने के लिए कदम उठाएगी.



