अब एक जगह मिलेगी दिल्ली के पर्यटन से संबंधित सारी जानकारी

नई दिल्ली।मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आज देश का पहला मोबाइल एप लांच किया, जहां दिल्ली के पर्यटन से संबंधित सारी जानकारी मिल सकेगी। एप लांच करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है, जहां पर्यटन से संबंधित एक एप बनाया गया है। इसकी मदद से आप अपने आसपास स्थित ऐतिहासिक और मनोरंजन स्थलों आदि की जानकारी लेकर वहां जा सकते हैं। साथ ही, टूरिज्म का सभी सेक्टर पर असर पड़ता है और इससे दिल्ली की अर्थ व्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा, बड़े पैमाने पर नौकरियां भी पैदा हो सकती हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से एप डाउनलोड करने की अपील करते हुए कहा कि इसमें आपको इतनी चीजें मिलेंगी, जिन्हें आप दिल्ली में रह कर भी अभी तक नहीं देख पाए होंगे। एप को और अच्छा बनाने के लिए अपना सुझाव दें, ताकि दिल्ली के अंदर हर पर्यटक का अनुभव और बेहतर हो सके। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारे लिए यह सिर्फ एक एप नहीं है, बल्कि हमारी तरफ से यह निमंत्रण है कि आइए और हमारी दिल्ली को देखिए।
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आज दिल्ली सचिवालय के सभागर में दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा विकसित ‘देखो मेरी दिल्ली’ एप लांच किया। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, मुख्य सचिव विजय देव और पर्यटन विभाग के सचिव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत में पर्यटन विभाग के सचिव ने ‘देखो मेरी दिल्ली’ एप के फीचर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी कि कैसे यह एप दिल्ली में घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
*दिल्ली एक ऐतिहासिक और आधुनिक शहर है, यह समझने और देखने के लिए दिल्ली आना पड़ेगा- अरविंद केजरीवाल
‘देखो मेरी दिल्ली’ एप लांच करने के दौरान मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने विश्व पर्यटन दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों को आज इस एप को समर्पित किया जा रहा है। मैं समझता हूं कि सभी दिल्ली वासियों, देशवासियों और विश्व भर से जो लोग देश व दिल्ली में आते हैं, उनके लिए यह एप बहुत ही उपयोगी साबित होगा। दिल्ली एक ऐतिहासिक शहर है और दिल्ली एक आधुनिक शहर भी है। दिल्ली में अगर कोई इस देश के इतिहास को पढ़ना चाहता है, समझना चाहता है, तो दिल्ली आए बिना उसका काम नहीं चलेगा। वहीं, अगर कोई इस देश की सबसे आधुनिक चीजों को देखना चाहता है, तो उसे भी दिल्ली आना पड़ेगा। दिल्ली में खाने की शानदार जगहें हैं, दिल्ली में मनोरंजन की ढेर सारी चीजें हैं, दिल्ली में ऐतिहासिक स्थल हैं, दिल्ली में सारी चीजें हैं। अब तक बस एक चीज की कमी थी, वह थी जानकारी (सूचना) की। उस कमी को यह एप पूरी करेगा। सारी सूचनाएं, एक जगह एकत्रित और व्यवस्थित तरीके से मिल जाए, इस चीज की कमी थी, जो अब इस एप से पूरी हो गई है।
*यह एप पर्यटकों के साथ दिल्ली वालों के लिए भी बहुत उपयोगी साबित होगा- अरविंद केजरीवाल
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस एप को बहुत ही अच्छे और यूजर फ्रैंडली तरीके से डिजाइन किया गया है। इस एप में यह है कि आप दिल्ली में जहां बैठे हैं और अगर आपको अपने 5 किलोमीटर के दायरे के अंदर यह देखना है कि कौन-कौन सी ऐतिहासिक स्थल हैं, कौन-कौन से मनोरंज स्थल हैं, कौन-कौन से पार्क हैं, उसे आप अभी तुरंत इस एप पर देख सकते हैं। मैं समझता हूं कि पर्यटकों के लिए यह उपयोगी तो होगा ही, यह दिल्ली वालों के लिए भी बहुत ज्यादा उपयोगी होगा। हम दिल्ली में कहीं जाते हैं और हमारी मीटिंग दो घंटे बाद है। हम दो घंटे खाली रहते हैं, तो कई बार यह समझ नहीं आता है कि यह दो घंटे का समय कैसे बिताएं? अब आप यह एप खोल कर देख सकते हैं और आपको इस एप से पता चल जाएगा कि आपके आसपास क्या-क्या चीेजें हैं? कौन-कौन अच्छी खाने की चीजें हैं, कौन-कौन से मनोरंज के स्थल आदि हैं। आप अपने दो घंटे का समय कैसे उपयोगी तरीके से बिता सकते हैं, वह समझ में आ जाएगा। इसी तरह, आप टूर का प्लान कर सकते हैं। इस एप के जरिए आप बहुत सारी चीजें कर सकते हैं। इस एप को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ साथ डिजाइन किया गया है। आपके आसपास सार्वजनिक सुविधाएं कहां पर हैं, वह भी इस एप के अंदर डाली गई हैं। उन सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंचने की लोकेशन यह एप बता देगा और आप वहां पर जा सकते हैं।
*दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है, जहां पर्यटन से संबंधित एक एप बनाया गया है- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में अभी कोई ऐसा शहर या राज्य नहीं है, जहां पर इस किस्म का एप बना है, लेकिन कुछ विकसित देश होंगे, जहां इस किस्म के एप आपको मिल सकते हैं। शायद दिल्ली आज दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल होने जा रहा है, जहां इस किस्म के पर्यटन से संबंधित एक एप बनाया गया है, जो सबके लिए उपयोगी साबित होने वाला है। मैं समझता हूं कि इससे टूरिज्म के सेक्टर में बहुत ज्यादा प्रभाव होगा। पर्यटन एक ऐसा सेक्टर है, जिसमें बढ़ोतरी के कुछ प्रतिशत नहीं, बल्कि कई गुना संभावनाएं हैं। हम पर्यटन को कई गुना बढ़ा सकते हैं। इसमें क्षमता और गुंजाइश है। पर्यटन के बढ़ने से सारे क्षेत्र में असर पड़ता है। पर्यटक आता है, तो वह खाना खाता है। इससे फूड सेक्टर पर असर पड़ता है, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर असर पड़ता है, इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर असर पड़ता है, हर किस्म की इंडस्ट्री पर असर पड़ता है। अगर हम पर्यटन को बड़े स्तर पर कई गुना बढ़ा पाएं, तो मैं समझता हूं कि यह दिल्ली की अर्थव्यवस्था के ऊपर बहुत जबरदस्त अच्छा असर डाल सकता है। इस क्षेत्र में हम बहुत बड़े स्तर पर नौकरियां पैदा हो सकती हैं, क्योंकि यह सभी क्षेत्र में असर डालेगा।
*दिल्ली और देश वासियों से अपील, ‘देखो मेरी दिल्ली’ एप अवश्य डाउनलोड करें- अरविंद केजरीवाल
सीएम श्री अरविंद केजरीवाल ने सभी देशवासियों से इस एप को अवश्य डाउनलोड करने की अपील की। हमें उम्मीद है कि जो भी विदेशी पर्यटक दिल्ली आ रहा है, वह इस एप को अवश्य डाउनलोड करेगा। लेकिन सबसे पहले सभी दिल्ली वाले इसको डाउनलोड करें। मैं हर एक दिल्ली वाले से यह कहना चाहता हूं कि जब आप इस एप को डाउनलोड करेंगे, तो आपको इसमें इतनी सारी चीजें मिलेंगी, जिन्हें आप दिल्ली में रह कर भी अभी तक नहीं देख पाए होंगे। आप खूब घूमे, मनोरंज स्थलों, खाने का और सारे ऐतिहासिक स्थानों का आनंद लें। मैं चुनौती देता हूं कि जब आप इस एप को डाउनलोड करेंगे, तो आपको इसमें बहुत सारी ऐसी चीजें मिलेंगी, जो आपने अभी तक देखी नहीं होगी। हमारा मकसद है कि दिल्ली में आने वाला हर पर्यटक अगर एक दिन के लिए आ रहा है, तो वह दो दिन रूके, दो दिन के लिए आ रहा है तो तीन दिन रुके और अगर वह तीन दिन के लिए आ रहा है, तो छह दिन के लिए रुके। जितना ज्यादा पर्यटक यहां रुकेगा और वह जितना ज्यादा खर्च करेगा, उतना ही हमारी अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी, यह हमारा लक्ष्य है। मैं उम्मीद करता हूं कि इसमें यह एप बहुत उपयोगी साबित होगा। आज विश्व पर्यटन दिवस के दिन इसको लांच किया गया है। यह एक अच्छी शुरुआत है और सबसे मेरी गुजारिश है कि इस एप को और अच्छा बनाने के लिए अपना सुझाव जरूर दें। अभी इसमें बहुत सारी चीजें जोड़ी जा सकती हैं, बहुत सारी चीजों को सुधारी जा सकती हैं, सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। इसलिए हम चाहते हैं कि आप सब लोग इसमें अपना सुझाव दें। हम इसको और बेहतर करते जाएंगे, ताकि हर एक पर्यटक का अनुभव दिल्ली के अंदर और बेहतर हो सके।
*टूरिज्म अच्छा चलता है, तो खुशहाली है और खुशहाली है, तो टूरिज्म अच्छा चलता है- मनीष सिसोदिया
वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्री मनीष सिसोदिया ने सभी को विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुनिया भर में टूरिज्म का एक अलग फ्लेवर है। मेरा मानना है कि टूरिज्म का फ्लेवर खुशहाली से जुड़ा हुआ है। टूरिज्म अच्छा चलता है, तो खुशहाली है और खुशहाली है तो टूरिज्म अच्छा चलता है। दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं। जब हम विश्व पर्यटन दिवस मनाते हैं, तो एक तरह से खुशहाली का दिवस मनाते हैं। डिप्टी सीएम ने पर्यटन विभाग की पूरी टीम को एप को तैयार करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन विभाग की पूरी टीम ने एप को सफल बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। जब इस एप को ‘देखो मेरी दिल्ली’ नाम दिया गया, तो ऐसा लगा जैसे हम पूरे देश और पूरी दुनिया के लिए एक निमंत्रण पत्र बना रहे हैं। एप को विकसित करने के दौरान हम सबके मन में हमेशा यह भाव रहा है कि हम, दिल्ली सरकार, सीएम अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पर्यटन विभाग की तरफ से अपने देश को और पूरी दुनिया को दिल्ली आने का निमंत्रण दे रहे हैं, हम अपनी दिल्ली को देखने के लिए आपको निमंत्रित कर रहे हैं। हमारे लिए यह एप नहीं है, हमारी तरफ से यह एक निमंत्रण है कि आइए और देखिए हमारी दिल्ली को। हम चाहते हैं कि आप आएं और हमारी दिल्ली को देंखे। हम आपके हाथ में एक एप नहीं भेज रहे हैं, बल्कि आप जब इस एप को डाउनलोड कर रहे हैं, तो एक तरह से आप हमारा निमंत्रण पत्र का कार्ड डाउनलोड कर रहे हैं। मैं दिल्ली की तरफ से सारी दुनिया को यह निमंत्रण सौंपते हुए बहुत खुश हो रहा हूं।
*हमारी कोशिश है कि दिल्ली में पर्यटकों के रुकने का समय औसतन डेढ़ दिन से बढ़ाकर ढाई दिन तक किया जा सके- मनीष सिसोदिया
डिप्टी सीएम ने कहा कि पर्यटन अर्थव्यवस्था को बहुत ज्यादा प्रभावित करता है। अभी दिल्ली में औसतन टूरिस्ट के रुकने का समय लगभग डेढ़ दिन माना जाता है और हमारी पूरी कोशिश है कि इसको बढ़ाकर ढाई दिन तक किया जाए। वैसे एक दिन का समय लगता तो छोटा है, लेकिन टूरिज्म सेक्टर में काम करने वाले लोगों को पता है कि एक दिन ही नहीं, पर्यटकों के रूकने का एक-एक घंटे बढ़ने के समय का कितना महत्व होता है। यह पर्यटकों के रूकने का समय बढ़ाने के लिए हम सबको बहुत मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन जब हमने दुनिया भर को दिल्ली आने का निमंत्रण दे ही दिया है, हम उसके के लिए भी पूरी मेहनत करेंगे। हम चाहेंगे कि यहां पर दुनिया भर के लोग आकर डेढ़ दिन की जगह ढाई दिन रुकना शुरू करें। डिप्टी सीएम ने एप विकसित करने के विजन को बनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हमें तीन तरह के लोगों को ध्यान में रखते हुए एप विकसित करने के दिशा निर्देश दिए थे। पहला, दिल्ली देश की राजधानी है। अगर कोई दिल्ली अपने किसी रिश्तेदार से मिलने, बिजनेस के सिलसिले में आ रहा है, तो हम दिल्ली के पर्यटन विभाग और दिल्ली सरकार की तरफ से उसे सहारा देकर बता सकें कि आप यहां दिल्ली और देश को महसूस कर सकते हैं। दूसरा, देश की राजधानी होने के नाते देश और दुनिया के लोगों की दिल्ली में और एक जिज्ञासा है। वो लोग भी अगर दिल्ली आना चाहें, तो उनको दोस्तों से पूछकर, गूगल की साइट पर जाकर कुछ ढूंढने की जरूरत न पड़े। दिल्ली सरकार की तरफ से अधिकृत जानकारी दी जाए, ताकि वह दिल्ली देखने का प्लान बना रहा है, उसके पास विकल्प क्या क्या हैं? इसका हम उसको जवाब दे सकें। तीसरा, दिल्ली का एक आम आदमी खुद अपने परिवार के साथ जाए या उसके यहां कोई आए और कहीं घूमने की इच्छा जताए, तो उसको भी जवाब मिल सके और उसके पास भी कई विकल्प हो कि वह कहां घुमा सकता है। एप में सभी सवालों का जवाब दिया गया है। मुझे बहुत खुशी है कि इसको हम विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर दुनिया और देश को सौंप रहे हैं।
*दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली को ब्रांडिंग मिलेगी
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल के कुशल निर्देशन और उपमुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया के कुशल नेतृत्व में दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग ने ‘देखो मेरी दिल्ली’ मोबाइल एप को विकसित किया है। उम्मीद है कि इस एप के लांच होने के बाद दिल्ली में पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली को ब्रांडिंग देगा। इस एप में बहुत सारे फीचर्स दिए गए हैं। दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। साथ ही उनके बारे में वीडियो और फोटो के जरिए भी जानकारी साझा की गई है। प्ले स्टोर से इस एप को कोई भी डाउनलोड कर सकता है। दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। आप एप के जरिए दिल्ली में जिस स्थान पर जाना चाहें, वहां के लिए टिकट भी बुक कर सकते हैं। एप में गूगल मैप भी है, जिसकी मदद से आप गंतव्य स्थान और सार्वजनिक सुविधाओं की दूरी को देख सकते हैं और वहां तक पहुंचने के लिए रास्ते को भी देख सकते हैं। इसकी मदद से आप दिल्ली टूर का प्लान बना सकते हैं। दिल्ली में कहां ऐतिहासिक धरोहरें हैं, कहां पर मनोरंज स्थान हैं, कहां पर खाने की चीजें मिलेंगी आदि जानकारी इस एप की मदद से मिल जाएंगी। आप अपने आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों को देख सकते हैं। एप में फीडबैक देने का भी विकल्प है, जहां आप दिल्ल दर्शन कर अपना अनुभव साझा कर सकते हैं।