Editorial : संवाद के बदलते आयाम
Editorial: Changing dimensions of dialogue

कभी डाकिया केवल डाक लाने वाला नहीं होता था, बल्कि घर का परिचित चेहरा, मोहल्ले का अपना आदमी होता था। उसकी साइकिल की घंटी और झोली में रखे लिफ़ाफ़ों की खनक से दिल में एक अलग ही उत्सुकता जाग उठती थी। उस समय पत्र केवल कागज़ के टुकड़े नहीं थे, बल्कि भावनाओं के वाहक थे। एक-एक शब्द में प्रेम, सम्मान, अपनापन और कभी-कभी चिंता भी झलकती थी।
तकनीकी क्रांति ने संवाद के तौर-तरीकों को पूरी तरह बदल दिया। मोबाइल फ़ोन, त्वरित संदेश सेवाएँ, ईमेल और सोशल मीडिया ने पारंपरिक पत्र-व्यवस्था को लगभग विलुप्त कर दिया है। अब संदेश भेजने और पाने में केवल पल भर का समय लगता है। इस गति ने सुविधा तो दी है, लेकिन उस इंतज़ार की मिठास छीन ली है, जो कभी हर पत्र के साथ जुड़ी होती थी।
रजिस्टर्ड डाक का अपना एक अलग महत्व था। यह केवल एक डाक सेवा नहीं, बल्कि उस युग की निशानी थी जब लिखित शब्दों को संजोकर रखा जाता था। रजिस्टर्ड डाक में न केवल संदेश, बल्कि भेजने वाले की गंभीरता, जिम्मेदारी और विश्वास भी पैक होकर पहुंचते थे। इसका मिलना किसी प्रमाणपत्र से कम नहीं होता था।
हाल ही में भारत डाक ने रजिस्टर्ड डाक को औपचारिक रूप से बंद कर स्पीड डाक में समाहित करने का निर्णय लिया है। यह कदम समय की मांग और तकनीकी प्रगति के अनुरूप है स्पीड डाक तेज़ है, सुरक्षित है और उस पर निगरानी भी आसान है। आधुनिक उपभोक्ता की ज़रूरतों के हिसाब से यह सही भी है। लेकिन इस बदलाव ने एक भावनात्मक खालीपन भी पैदा कर दिया है।
Editorial : त्योहार की खुशी और सुरक्षा की अहमियत
रजिस्टर्ड डाक का अंत केवल एक सेवा का अंत नहीं, बल्कि एक युग के खत्म होने का प्रतीक है वह युग जिसमें संदेशों के साथ आत्मा का एक अंश भी भेजा जाता था। जब एक उत्तर पाने के लिए सप्ताहों का इंतज़ार होता था, और उस इंतज़ार में एक अनोखा आनंद और धैर्य छिपा होता था। आज संदेशों की रफ़्तार बढ़ गई है, लेकिन उनकी गहराई घट गई है।
हम तकनीकी रूप से जितने सक्षम हुए हैं, उतना ही भावनात्मक रूप से खोखले भी हो गए हैं। अब संवाद तो बहुत हैं, लेकिन उनमें वह आत्मीयता नहीं जो रजिस्टर्ड डाक में थी। स्पीड डाक ने दूरी कम कर दी है, लेकिन शायद दिलों के बीच की दूरी बढ़ा दी है।



