बोले- बेटियों की लड़ाई में दें साथ, पहलवानों ने फुटपाथ पर बिताई रात…देशवासियों से लगाई गुहार

दिल्ली के जंतर-मंतर पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यहां धरने पर रविवार को पहला दिन था। देश के अभिमान ये खिलाड़ी रात को वहीं सड़कों पर सोए रहे। देर रात विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने एक वीडियो जारी की। जिसमें उन्होंने सभी देशवासियों से उनका सहयोग करने की अपील की है। उनके समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचने को कहा है।
खिलाड़ियों ने की ये अपील-
खिलाड़ियों को न्याय दिलवाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए-विनेश फोगाट
विनेश फोगाट ने कहा कि जैसे की आप सब जानते हैं कि तीन महीने पहले हमने रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठाई थी। हमारे साथ में कुछ राजनीती हुई है। सरकार ने एक कमेटी बनाई थी और 4 हफ्ते का समय मांगा था लेकिन, 3 महीने हो गए, हमें इंतजार करते हुए, हमारे साथ आज भी न्याय नहीं हुआ है। दो दिन पहले हम पुलिस स्टेशन गए थे। जहां 7 लड़कियों ने बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत दी है। शिकायत में बृजभूषण ने जो शारीरिक शोषण किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन पुलिस हमारी FIR भी दर्ज नहीं कर रही है। जिसके बाद इंतजार कर जंतर-मंतर पर आए हैं। यहां भी हमें परमिशन नहीं मिली है। हम ऐसे ही बैठे हैं। पुलिस हमारे चारों तरफ खड़ी है। हम आप सभी देशवासियों से हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि हम सभी खिलाड़ियों को न्याय दिलवाने के लिए हमारा साथ और समर्थन दीजिए। प्लीज जंतर-मंतर पर आइए।
हम सभी इक्ट्ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा-बजरंग पुनिया
वहीं बजरंग पुनिया ने कहा कि अगर आज हम बहन-बेटियों की लड़ाई की हम एक साथ इक्ट्ठे नहीं हुए तो कभी भी कोई बहन-बेटी आवाज उठाने योग्य नहीं रहेगी। क्योंकि हम सभी इक्ट्ठा होकर लड़ेंगे तो ज़रुर न्याय मिलेगा। आज सभी बहन-बेटियां यहां सड़क पर बैठी हैं, आप सभी सहयोग कीजिए। साक्षी मलिक ने कहा कि ये सच्चाई की लड़ाई है, हमारा साथ दीजिए।
बता दें कि 18 जनवरी 2023 को कुश्ती महासंघ और पहलवानों का ये विवाद सामने आया था। जंतर-मंतर पर विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक समेत कई दिग्गज पहलवान इकट्ठा हुए थे। उस दिन भी कुश्ती खिलाड़ियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। ब्रजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने प्रमुख तौर पर पांच आरोप लगाए हैं।
1. यौन शोषण
2. तानाशाही-मनमानी
3. अपशब्दों का प्रयोग
4. मानसिक प्रताड़ना
5. आवाज उठाने पर धमकाने का आरोप
सांसद की सफाई, आरोप सही हुए तो फांसी पर लटक जाऊंगा
उसी दिन संघ अध्यक्ष बृजभूषण सामने आए थे। उन्होंने कहा था कि किसी भी तरह का उत्पीड़न नहीं हुआ है। अगर हुआ है तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा।
आंदोलन बढ़ता देख बनी थीं 2 जांच कमेटियां
गौरतलब है कि 21 जनवरी को आंदोलन बढ़ता देख भारतीय ओलिंपिक एसोसिएशन ने जांच कमेटी बनाई थी। जिसकी अध्यक्ष पीटी ऊषा ने कमेटी की अध्यक्ष मैरीकॉम को बनाया था। 7 सदस्यों की कमेटी बनाकर जांच करने के निर्देश दिए थे। इस कमेटी में बॉक्सर मैरीकॉम, तीरंदाज डोला बनर्जी, बैडमिंटन प्लेयर अलकनंदा अशोक, फ्री स्टाइल कुश्ती खिलाड़ी योगेश्वर दत्त, भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव और दो वकील शामिल थे।
NEWS SOURCE : punjabkesari



