जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट, अभी और बरसेंगे बादल, महीने के अंत तक लीजिए सुहावने मौसम का मजा

नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में मौसम (Delhi NCR Weather) ने ऐसी करवट ली कि जिस मार्च के महीने की शुरुआत में गर्मी का एहसास हो रहा था, वहां अब ठंड महसूस हो रही है. महीने की शुरुआता में लग रहा था कि मानो अब गर्मी का मौसम शुरू हो गया हो, लेकिन फिर बारिश (Delhi-NCR Rain Today) ने पहले मौसम को सुहावना बनाया फिर ठंडक का एहसास होने लगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि एक के बाद एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली के तापमान को नियंत्रित करने और कम से कम 26 मार्च तक पारा 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने की संभावना के साथ राजधानी में महीने के दूसरे भाग में सामान्य से अधिक ठंडा रिकॉर्ड होने की संभावना है.
IMD के अनुसार दिल्ली में सोमवार शाम को तेज हवाएं और तेज गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं. राजधानी में लगातार तीसरे दिन मौसम की तीव्र गतिविधि हुई. क्योंकि अधिकतम तापमान तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है. वहीं IMD ने 21 मार्च (Delhi-NCR Weather Today) तक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखी जा सकती है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
IMD के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि महीने की शुरूआत में जहां साफ आसमान देखा गया और बारिश नहीं हुई. वहीं आखिर में पहले से ही दो पश्चिमी विक्षोभ दर्ज किए गए हैं. साथ ही 23 से 25 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ की उम्मीद है. उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मंगलवार तक जारी रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी तापमान को नियंत्रण में रखेगी. हम गुरुवार से अगले पश्चिमी विक्षोभ का असर देखना शुरू कर देंगे, जिससे शुक्रवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है. शुक्रवार को हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट पहले से ही है और महीने के अंत तक दिल्ली में लू चलने की कोई संभावना नहीं है.



