AAP ने जारी की 80 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानें कब होंगे चुनाव? : कर्नाटक विधानसभा चुनाव

IMAGES SOURCE : GOOGLE

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को 80 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने कहा है कि वह राज्य के सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारेगी। कर्नाटक में मई तक विधानसभा चुनाव होने हैं। पहली सूची के अनुसार, उच्चतम न्यायालय के वकील बृजेश कलप्पा चिकपेट से चुनाव लड़ेंगे, बृहत बेंगलुरु महानगर पालिके (बीबीएमपी) के पूर्व अधिकारी के मथाई (शांति नगर), बी.टी. नागन्ना (राजाजीनगर), मोहन दसारी (सी वी रमन नगर), शांतला दामले (महालक्ष्मी लेआउट से) और पद्मनाभनगर से अजय गौड़ा चुनाव लड़ेंगे। ए

क संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ‘आप’ की राज्य इकाई के प्रमुख पृथ्वी रेड्डी ने कहा, “(सूची में शामिल) ये उम्मीदवार समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारे उम्मीदवारों की सूची की औसत आयु केवल 46 वर्ष है। हमारे 50 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार 45 वर्ष से कम आयु के हैं।” रेड्डी के मुताबिक, सर्वे के बाद उम्मीदवारों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि 69 उम्मीदवार नए चेहरे हैं। उन्होंने कहा कि सूची में युवा, महिलाएं, किसान और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोग शामिल हैं।

बता दें कि कर्नाटक में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव आयोग मार्च के अंत में कर्नाटक विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। आम आदमी पार्टी ने कर्नाटक में सभी विधानसभाओं में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

इस महीने की शुरूआत में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्नाटक का दौरा किया था। इस दौरे पर कर्नाटक में चुनावी बिगुल फूंकते हुए केजरीवाल ने कई बड़े वादे किए। उन्होंने फ्री बिजली, फ्री शिक्षा समेत युवाओं को रोजगार, महिलाओं को 1000 रुपए महीने देने का वादा किया। केजरीवाल ने कहा कि हमने पंजाब से भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। दिल्ली में हमारे मंत्रियों को जेल में डाला जा रहा है। उहोंने कहा कि अच्छे काम करने वाले लोगों को भाजपा जेल में डाल रही है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हमने पंजाब में एक साल में सभी गारंटियों को पूरा किया है। अगर कर्नाटक में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो हम यहां भी अपने सभी वादे पूरे करेंगे।

कर्नाटक में भाजपा सत्ता में हैं और लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने अपनी पूरी केंद्रीय टीम को उतार दिया है। वहीं, कांग्रेस ने भी कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत झौंक दी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने सोमवार को बेलगावी में एक जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस की ओर से कई चुनावी वादे किए हैं। बता दें कि 224 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो रहा है।

 

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button