डीटीसी और डिम्ट्स की बसों में शुरू होंगी एनसीएमसी अनुरूप डिजिटल टिकटिंग सुविधा

NCMC compliant digital ticketing facility will start in DTC and Dimts buses
NCMC compliant digital ticketing facility will start in DTC and Dimts buses

Digital Ticketing Facility : दिल्ली सरकार जल्द ही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मोडल ट्रांजिट सिस्टम (डिम्ट्स) संचालित बसों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के अनुरूप डिजिटल टिकटिंग समाधान प्रदान करेगी। दिल्ली परिवहन विभाग ने 8 जनवरी 2023 को इसके लिए ई-निविदा आमंत्रित करने के लिए एक नोटिस जारी किया है। एनसीएमसी-अनुरूप डिजिटल टिकटिंग सुविधा से डीटीसी और डिम्ट्स बसों में टिकटिंग पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई थी, जिससे शहर में चलने वाली बसों की कुल संख्या 7,379 हो गई है। वर्ष 2022 में दिल्ली सरकार की बसों में यात्रा करने वालों की संख्या में वृद्धि देखी गयी है।  सिर्फ दिसंबर 2022 के महीने में 12 करोड़ से अधिक लोगों ने बसों में सफर किया । दिल्ली में औसतन 40 लाख लोग प्रतिदिन बसों में यात्रा करते हैं। यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि दिल्ली में 500+ बस मार्गों पर बसों की संख्या की बेहतर योजना के लिए प्रत्येक यात्रा का रिकॉर्ड रखा जाए। डिजिटल टिकटिंग समाधान परिवहन विभाग द्वारा संचालित रूट रेशनलाइजेशन अध्ययन का भी हिस्सा है, जिसका पायलट चरण अक्टूबर 2022 से चल रहा है।

परिवहन विभाग द्वारा जारी की गई निविदा में पहले चरण में 7,500 बसों के लिए इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) की आपूर्ति और संचालन शामिल है। इसके अलावा, इसमें नकद भुगतान के बजाय टिकट खरीदने के लिए स्मार्ट कार्ड या एनसीएमसी कार्ड का प्रावधान भी शामिल है। इसके अलावा, मोबाइल ऐप से ऑनलाइन टिकट और रियायती दैनिक या मासिक पास की खरीद को भी इसमें शामिल किया गया है।  ईटीएम मशीन पिंक टिकट भी जारी करेगी, जिससे महिलाएं अपने गंतव्य तक मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। निविदा का विवरण दिल्ली सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल https://govtprocurement.delhi.gov.in पर देखा जा सकता है। बोली जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2023 है।

एनसीएमसी कार्ड मल्टी-मोडल ट्रांजिट ऑफ़लाइन भुगतान की सुविधा प्रदान करता है । दिल्ली सरकार का विजन है कि शहर में ट्रांसपोर्ट का कनेक्टेड नेटवर्क हो। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की एयरपोर्ट लाइन पहले से ही एनसीएमसी (NCMC) के अनुरूप है, जबकि बाकी लाइनों को जून 2023 तक NCMC के अनुरूप बनाने का लक्ष्य है। इसका मतलब है कि यात्री एक ही कार्ड का उपयोग अपने बस टिकट खरीदने में और दिल्ली मेट्रो रेल यात्रा टिकट खरीदने के लिए  भी कर सकेंगे। यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए आने वाले वर्षों में अधिक से अधिक विकल्प जोड़े जाएंगे। वर्तमान में हजारों लोग अपने बस टिकट और दैनिक पास ऑनलाइन खरीदने के लिए ‘वन दिल्ली’ ऐप का उपयोग कर रहे हैं। इसे नवंबर 2022 में लॉन्च किया गया था।

दिल्ली के परिवहन मंत्री श्री  कैलाश गहलोत ने एक बयान में कहा, “मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार लोगों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हम वर्तमान मैनुअल टिकटिंग सिस्टम को समाप्त करना चाहते हैं और इसके स्थान पर डिजिटल वयवस्था लाना चाहते हैं। इसके ज़रिये हम ऐसी वयवस्था स्थापित करना चाहते हैं जिसके द्वारा मूल स्थान और गंतव्य की पूरी जानकारी मिल सके, यात्रियों को यह भी पता चल सके कि आने वाली अगली बस 100% भरी हुई है या आंशिक रूप से भरी है ताकि उन्हे सही प्रतीक्षा समय का भी पता चल सके। इसके अलावा, एनसीएमसी अनुरूप स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल बस के साथ-साथ भविष्य में मेट्रो टिकट के लिए भी किया जा सकेगा। हमारा प्रयास है कि दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए शहर में सार्वजनिक परिवहन के सभी साधनों में इसका इस्तेमाल हो सके।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button