छठ पूजा समारोह में सैकड़ों लोगों ने की पूजा अर्चना

रेवाड़ी । छठ पूजा के सिलसिले में स्थानीय कालाका रोड़ स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा चौक पर पूर्वांचल समाज के सैकड़ों महिला-पुरूषों ने पानी में उतरकर परपंरागत पूजा अर्चना की । इस अवसर पर युवा नेता एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के पुत्र निशांत यादव मुख्यातिथि ने रिबन काटकर छठ पूजा समारोह का शुभारंभ किया । समारोह में उपस्थित प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने पूर्वांचल समाज के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मिथिलांचल छठ पूजा सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित उक्त भव्य छठ पूजा समारोह में लोगों की भागीदारी देखते ही बन रही थी । समिति के प्रधान ओमप्रकाश एवं उप प्रधान रामनरेश राय ने बताया कि छठ पूजा को लेकर मिथिलांचल (पूर्वांचल) समाज के लोगों में बहुत गहरी आस्था है । अपने संबोधन में युवा नेता निशांत यादव ने समाज के लोगों को आश्वासन दिलाया कि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के संज्ञान में लाकर उनके समाज को सरकार से जनहित में लगभग 1000 वर्ग गज जमीन दिलाने का प्रयास किया जाएगा जिसे छठ पूजा स्थल सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर सकें ।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनावों में ड्यूटी लगी होने के कारण विधायक लक्ष्मण सिंह यादव समारोह में उपस्थित नहीं हो सके । प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि पूर्वांचल समाज बहुत मेहनती है । उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और धार्मिक भावना के बलबूते पूर्वांचल समाज के लोगों ने देश -दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है ।



