देश के पहले सात ईवी चार्जिंग स्टेशन का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली में सभी सुविधाओं से लैस देश के पहले सात ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। यह चार्जिंग स्टेशन डीटीसी के राजघाट डिपो के अलावा आईपी एस्टेट, कालकाजी, नेहरू प्लेस, महरौली, द्वारका सेक्टर-2 और द्वारका सेक्टर-8 में चालू किए गए हैं, जबकि पहले से ही दो हजार चार्जिंग प्वाइंट्स चालू हैं। राजघाट डिपो में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्लीवालों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को अपनाना शुरू कर दिया है। दिल्ली बड़ी तेज़ी से देश की ईवी कैपिटल बन रही है। उन्होंने कहा कि स्लो चार्जिंग पर तीन रुपए और फास्ट चार्जिंग पर 10 रुपए प्रति यूनिट शुल्क लिया जाएगा। लोगों की सहूलियत के लिए एक एप भी बनाया गया है। इसकी मदद से लोगों को अपने आसपास स्थित चार्जिंग स्टेशन को तलाशने में मदद मिलेगी। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले दो साल में दिल्ली में 60846 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा चुके हैं। 2020 में जब हम लोगों ने ईवी पॉलिसी बनाई थी, तब हमें उम्मीद नहीं थी कि इतना जबरदस्त रिस्पॉस मिलेगा। पिछले साल 25809 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए थे, जबकि इस साल बीते सात महीने में ही 29848 ईवी खरीदे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने ‘‘स्वीच दिल्ली’’ अभियान के अंतर्गत आज राजघाट बस डिपो से दिल्ली में स्थित डीटीसी के सात डिपो के अंदर स्थापित चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया। यह चार्जिंग स्टेशन राजघाट के अलावा आईपी एस्टेट, कालकाजी, नेहरू प्लेस, महरौली, द्वारका सेक्टर-2 और द्वारका सेक्टर-8 में स्थापित किए गए हैं। इसमें तीन तरह से चार्जिंग शामिल हैं। जिसमें भारत एसी001, भारत डीसी001 और फास्ट कंबो चार्जिंग स्टेशन हैं। तीनों चार्जिंग स्टेशन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं, जहां दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किए जा सकेंगे। इस दौरान सीएम श्री  अरविंद केजरीवाल को परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने चार्जिंग स्टेशनों की विशेषताओं और तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ईवी वाहन कैसे चार्ज होते हैं और एक ईवी चार्ज होने में कितना समय लेता है। साथ ही, परिवहन मंत्री श्री  कैलाश गहलोत ने सीएम श्री  अरविंद केजरीवाल को एक इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करके दिखाया। इस अवसर पर दिल्ली डीडीसी के उपाध्यक्ष श्री  जैस्मीन शाह और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
*अब लोग धीरे-धीरे अपने पुराने वाहनों को छोड़कर इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ बढ़ रहे हैं- अरविंद केजरीवाल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली में डीटीसी के सात डिपो में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए चार्जिंग स्टेशन शुरू किए जा रहे हैं। इनमें से एक चार्जिंग स्टेशन राजघाट डिपो है। हम सब ने यह देखा कि किस तरह से चार्जिंग स्टेशन काम करते हैं और किस तरह यहां इलेक्ट्रिक वाहन यहां चार्ज हो पाएंगे। हम लोगों ने 2020 में दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पॉलिसी बनाई थी। जब हमने पॉलिसी बनाई थी, तब हमें उम्मीद नहीं थी कि हम लोगों को इतना जबरदस्त रिस्पॉस मिलेगा। पिछले दो साल में 60846 इलेक्ट्रिक वाहन दिल्ली में खरीदे जा चुके हैं। पिछले साल 25809 ईवी वाहन खरीदे गए थे और इस साल अभी सात महीने ही हुए और इन सात महीनों में 29848 वाहन खरीदे गए हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 115 फीसद की वृद्धि हुई है। साल के अंत तक और ज्यादा वृद्धि हो जाएगी। दिल्ली के लोगों ने अब इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना शुरू कर दिया है। एक बार जब जनता अपनाना शुरू कर देती है, तो उसके बाद अपने आप बदलाव आना शुरू हो जाता है। अब लोग धीरे-धीरे अपने पुराने वाहनों को छोड़कर इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ बढ़ रहे हैं।
*पूरी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर पहले से ईवी के लिए दो हजार चार्जिंग प्वाइंट चालू हैं- अरविंद केजरीवाल
सीएम श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2022 में दिल्ली में जितने वाहन खरीदे गए हैं, उनमें 9.3 फीसद इलेक्ट्रिक वाहन थे। इसमें सबसे ज्यादा दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद में 57 फीसद की वृद्धि हुई है। जैसा कि सभी जानते हैं कि हम लोग करीब 150 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें भी खरीद चुके हैं और अगले हफ्ते 75 इलेक्ट्रिक बसे ंऔर आ रही हैं। इसके अलावा, 2023 के अंत के दो हजार और इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में आ जाएंगी। आज यह डीटीसी के सात डिपो के अंदर चार्जिंग स्टेशन शुरू हो रहे हैं। पूरी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर पहले ही दो हजार ईवी चार्जिंग प्वाइंट चालू हैं। इसके अलावा, इसके अलावा आज यह सात चार्जिंग स्टेशन शुरू हो रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमने देखा कि एक फास्ट चार्जिंग और एक स्लो चार्जिंग है। स्लो चार्जिंग पर तीन रुपए प्रति यूनिट चार्जिंग शुल्क लिया जाएगा और फास्ट चार्जिंग पर 10 रुपए प्रति यूनिट शुल्क लिया जाएगा।
*दिल्ली अब इलेक्ट्रिक वाहनों की राजधानी बनती जा रही है- अरविंद केजरीवाल
सीएम श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों की सुविधा के लिए एक एप भी बनाया गया है। अगर आपके पास इलेक्ट्रिक वाहन है, तो आप वो एप डाउनलोड कर लें। अगर आपको अचानक ईवी को चार्ज करने की जरूरत है, तो पूरी दिल्ली में आपके आसपास जो चार्जिंग स्टेशन होगा, एप बता देगा। एप पर यह भी दिखेगा कि किस चार्जिंग स्टेशन पर अभी गाड़ियां चार्ज हो रही हैं और कौन सा स्टेशन अभी खाली है। यह एप बहुत ही अच्छा है और जनता को इससे सुविधा हो रही है। मैं समझता हूं कि पूरे देश में दिल्ली में इस किस्म का पहला चार्जिंग स्टेशन है। इतनी सारी सुविधाओं से लैस और इतना मॉडर्न चार्जिंग स्टेशन देश में और कहीं नहीं हैं। अब एक तरह से दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहनों की राजधानी बनती जा रही है। जो मैंने आंकडे दिए कि पिछले एक साल में दिल्ली में भारी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए हैं। पूरे देश में, दिल्ली में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए हैं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जितना हमने उम्मीद की थी, उससे कहीं ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीद रहे हैं। अगर दिल्ली में कुल वाहनों में करीब 68 हजार इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या ज्यादा नहीं है। यह संख्या अभी कम है। लेकिन नई तकनीक है, नए वाहन हैं। लोग इसको बहुत तेजी से अपनाते जा रहे हैं। मैं समझता हूं कि आने वाले समय के अंदर इसका प्रभाव काफी ज्यादा होगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ दिल्लीवालों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को अपनाना शुरू कर दिया है। पिछले 2 साल में देश में सबसे ज्यादा 60,846 ईवी दिल्ली में बिके। आज देश में अपनी तरह के पहले सात चार्जिंग स्टेशन शुरू हुए। 2000 चार्जिंग प्वाइंट ्स पहले से हैं। दिल्ली बड़ी तेज़ी से देश की ईवी कैपिटल बन रही है।’’
*लोग अब स्लो चार्जर से तीन रुपए प्रति यूनिट कीमत देकर अपने ईवी को चार्ज कर सकेंगे, जो भारत में सबसे कम कीमत है- कैलाश गहलोत*
दिल्ली के परिवहन मंत्री श्री कैलाश गहलोत का कहना है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई में दिल्ली ने आज दो नई उपलब्धि हासिल की है। पहला, आज से हमारे बस डिपो के अंदर ईवी चार्जिंग की सुविधाएं शुरू हो रही है और दूसरा, दिल्ली में दो पहिया व तीन पहिया इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रिक ऑटो मालिकों के लिए स्लो चार्जर से 3 रुपए प्रति यूनिट से कम कीमत पर ईवी चार्जिंग की सुविधा दी जा रही है, जो भारत में सबसे कम कीमत है। देश के अन्य राज्यों में औसतन 10 रुपए प्रति यूनिट की दर से ईवी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है। दिल्ली सरकार का यह कदम दिल्ली के लोगों के लिए ईवी चार्जिंग को अधिक सुविधाजनक और किफायती बना देगा।
*ईवी पॉलिसी आने के बाद दिल्ली में खरीदे गए 60,846 इलेक्ट्रिक वाहन*
दिल्ली में 7 अगस्त 2020 को दिल्ली ईलेक्ट्रिक व्हीकल्स पॉलिसी लागू हुई थी। दिल्ली में ईवी पॉलिसी को लागू हुए दो वर्ष पूरे होने वाले हैं और इन दो वर्षों में दिल्ली में करीब 60,846 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई है। इसमें बस 281 (0.5 फीसद), ई-रिक्शा 20819 (34.2 फीसद), कार्ट के साथ ई-रिक्शा 6283 (10.3 फीसद), माल वाहक 20, मोटर साइकिल/स्कूटर 25346 (41.7), साइड कार के साथ मोटर साइकिल/ स्कूटर 8, मोपेड 3, मोटर कैब 1726 (2.8), मोटर कार 3215 (5.3), तीन पहिया माल वाहक 2850 (4.7), तीन पहिया सवारी वाहन 293 (0.5), अनुकूलित वाहन एक और मोटराइज्ड साइकिल एक शामिल हैं। इस तरह दिल्ली में अभी तक कुल 60,846 इलेक्ट्रिक वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
*दिल्ली देश का इकलौता राज्य, जहां सबसे कम कीमत देकर कर सकेंगे ईवी को चार्ज*
डीटीसी डिपो में लोगों को ईवी वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाएं प्रदान करने के लिए डीटीसी और सीईएसएल ने समझौता किया है। दिल्ली सरकार ने सात डीटीसी डिपो (राजघाट, आईपी एस्टेट, कालकाजी, नेहरू प्लेस, महरौली, द्वारका सेक्टर-2 और द्वारका सेक्टर-8) ईवी वाहनों के लिए चार्जिंग स्थापित की है। साथ ही, सरकार उन सभी बस डिपो पर, जहां सुविधाजनक होगा, वहां ईवी चार्जिंग के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएगी। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज सात डीटीसी डिपो में इलेक्ट्रिक ऑटो सहित दो पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का उद्घाटन किया। यहां कोई भी अपने ईवी वाहनों को स्लो चार्जर (एसी-001) से 3 रुपए प्रति यूनिट से कम शुल्क देकर चार्ज कर सकेगा, जबकि दिल्ली के अलावा देश भर में कहीं भी चार्जिंग शुल्क 10 रुपए प्रति यूनिट कम नहीं है।
*मौजूदा वर्ष में ईवी वाहनों की बिक्री में 115 फीसद की आई तेजी*
परिवहन विभाग का कहना है कि वर्ष 2022 से दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2022 में ईवी वाहनों की बिक्री में करीब 115 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। इस साल अब तक 29848 ईवी वाहनों की खरीद हुई है। जबकि 2021 में कुल 25809 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई थी। वर्ष 2022 में अब तक कुल बिकने वाले वाहनों में ईवी की बिक्री का योगदान 9.3 फीसद रहा है। वर्ष 2022 में दिल्ली में कुल 3,18,760 वाहनों की बिक्री हुई है, जिसमें 29848 इलेक्ट्रिक वाहन हैं। अगर हम राज्य स्तर पर बात करें, तो कुल बिक्री के वाहनों में ईवी वाहनों की हिस्सेदारी असम में 7.5 फीसद, कर्नाटक में 5.7 फीसद, महाराष्ट्र में 4.9 फीसद, यूपी में 4.3 फीसद और गुजरात में 4.2 फीसद रही है। वर्ष 2022 में, दिल्ली में इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों की हिस्सेदारी कुल बेचे गए ईवी का 57 फीसद है। इसी तरह, बेचे गए कुल इलेक्ट्रिक वाहन में इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहनों की हिस्सेदारी 9 फीसद है। दिल्ली अब दो पहिया और चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मार्च 2022 में दिल्ली में कुल बिक्री के वाहनों में ईवी वाहनों की हिस्सेदारी करीब 12.5 प्रतिशत रही है। ईवी वाहनों की बिक्री की यह उपलब्धि देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सबसे अधिक है।
*दिल्ली में अगले तीन महीने में 500 चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन होंगे स्थापित*
दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन में भी इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया है। अभी दिल्ली में 150 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और 2023 के अंत तक दो हजार और इलेक्ट्रिक बसें जुड़ जाएंगी। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार चार्जिंग प्वाइंट को भी बढ़ा रही है। अभी दिल्ली में करीब 2000 चार्जिंग पॉइंट और बैटरी स्वैपिंग पॉइंट हैं। वहीं, सिंगल विंडो सुविधा के तहत अब तक 500 चार्जिंग प्वाइंट लगाए हैं। इसके अलावा, ईवी वाहन मालिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को और बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली के हर कोने में अगले तीन महीने में 100 चार्जिंग स्टेशन बनने हैं, जिसमें 500 चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
*पंजाब सरकार ने पराली न जलाने के लिए किसानों को 2500 रुपए प्रति एकड़ देने का प्रस्ताव एयर क्वालिटी कमीशन को भेजा है- अरविंद केजरीवाल*
मीडिया के एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार ने एयर क्वालिटी कमीशन को एक प्रस्ताव भेजा है। उस प्रस्ताव के मुताबिक, 2500 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से किसानों को अपनी पराली न जलाने के लिए कैस इंसेंटिव देने की बात कही गई है कि हम किसान को 2500 रुपए दे दें। इसके बाद किसान जो भी तकनीक इस्तेमाल करे और पराली न जलाए। पंजाब सरकार ने प्रस्ताव रखा है कि 500 रुपए पंजाब सरकार और 500 रुपए दिल्ली सरकार दे दे। बाकी के 1500 रुपए केंद्र सरकार दे दे। एयर क्वालिटी कमीशन इस पर जब भी निर्णय ले। दिल्ली सरकार को प्रदूषण कम करने के लिए जो भी करना पड़ेगा, वो करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button