उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलेगा अपार जनसमर्थन

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली/मथुरा। लघु एवं मध्यम उद्योग के राष्ट्रीय बोर्ड के सदस्य प्रो. राजेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। इसके बूते वहां पर भाजपा जबरदस्त प्रदर्शन करेगी और सभी विरोधी पार्टियों को धूल चटाते हुए बड़े अंतर से एक बार फिर सत्ता हासिल करेगी।
बता दें कि प्रो शर्मा आजकल उत्तर प्रदेश प्रवास पर हैं और हाथरस, एटा, कासगंज, बदायूं और आगे के भी जिलों का भ्रमण कर रहे हैं। मंगलवार को वह बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन, राधाकुण्ड, गोकुल, वृंदावन, प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर और श्री रंगजी मंदिर के दर्शन कर देश व प्रदेश में सुख शांति की कामना की। मंदिर बोर्ड सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी कैलाशचंद्र सहित भाजपाइयों ने वहां उनकी अगवानी की और स्वागत किया। पवित्र धाम वृन्दावन में श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के आचार्य महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी श्री गुरू शरणानंद जी महाराज, आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी संविदानन्द सरस्वती जी महाराज, स्वामी गिरिशानंद सरस्वती, नवल गिरी जी महाराज के सानिध्य में उन्होंने दर्शन-पूजन किया।
यहीं पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, पंजाब आदि में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है।



