बच्चों में वैक्सीन का डर दूर करने के लिए खास तैयारी, तिलक नगर में मिलेगा गिफ्ट

एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली में 15-18 साल के बच्चों को सोमवार से कोरोना की वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। बच्चों में वैक्सीन के डर को दूर करने के लिए तिलक नगर में बच्चों के कोविड सेंटर में खास तैयारी की गई है। सेंटर इंचार्ज डॉ. समीर ने बताया कि 15-18 साल के बच्चों के शौक को देखते हुए इंतजाम किए हैं। ऑब्जरवेशन एरिया में किताबें, म्यूजिकल आइटम और वैक्सीन लगवाने के बाद गिफ्ट दिया जाएगा। बच्चों को गिफ्ट इसलिए दिया जाएगा ताकि और भी बच्चे वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आएं। उनके मन में कोई डर न रहे इसके लिए उनको प्रोत्साहित किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली समेत पूरे देश में तीन जनवरी से किशोर-किशोरियों को कोरोना का टीका लगना शुरू हो जाएगा। इससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मदद मिलेगी।
एक टीकाकरण केंद्र पर रोज 150 बच्चों को लगेगा टीका
सोमवार से प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर 150 बच्चों को टीका लगाया जाएगा। सरकारी अस्पतालों व डिस्पेंसरियों में बने टीकाकरण केंद्र पर बच्चों को निशुल्क टीका लगेगा। निजी अस्पतालों टीकाकरण के लिए शुल्क भुगतान करना पडे़गा। बच्चों को अभी कोवैक्सीन टीका लगेगा। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना के कारण अभी प्रत्येक केंद्र पर बच्चों के टीकाकरण के लिए 150 संख्या निर्धारित की गई है। ताकि टीकाकरण केंद्र पर ज्यादा भीड़ न होने पाए। क्योंकि बच्चों को टीका दिलाने उनके साथ माता-पिता भी आएंगे। दिल्ली में करीब 12 से 15 लाख बच्चों का टीकाकरण होना है। इसके तहत 10वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को टीका लगाया जाएगा। बच्चों को भी टीका देने के बाद आधा घंटा टीकाकरण केंद्र पर निगरानी में रखा जाएगा।
कोविन एप के माध्यम से पंजीकरण हुआ शुरू
राजधानी में सोमवार से 15 से 18 साल तक के बच्चों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। दिल्ली के सभी 12 जिला प्रशासन ने बच्चों के टीकाकरण के लिए कोविन एप पर आनलाइन अप्वाइंटमेंट का स्लाट अपलोड कर दिया है। इसलिए कोविन मोबाइल एप व वेबसाइट से आनलाइन अप्वाइंटमेंट शुरू हो गया है।



