कही ये बात, कैप्टन अजय सिंह ने बजरंग दल पर किया हमला

हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव ने भाजपा पर न केवल जमकर जुबानी तीर चलाए, बल्कि बजरंग दल को गुंडा कह दिया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल की तुलना बजरंगबली से करना उनका अपमान है, क्योंकि बजरंगबली तो रक्षक हैं। जबकि बजरंग दल वाले तो गुंडे हैं, जोकि लोगों की मार पिटाई करते हैं।
बता दें कि आज कैप्टन अजय यादव अपने जनसंपर्क अभियान के तहत रेवाड़ी जिला के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा के गांवों में ग्रामीणों से संवाद करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके बाद उन्होंने कस्बा के महेश्वरी, आकेड़ा व गढ़ी समेत कई गांव में जनसभाओं को संबोधित किया। साथ ही ग्रामीणों को अपने पोते के कुआं पूजन व कांग्रेस ओबीसी विभाग के सम्मेलन का न्योता भी दिया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने यौन शोषण के कथित आरोपी बृजभूषण को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही कहा कि आज देश में महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। जहां तक हरियाणा में भाजपा जजपा गठबंधन का सवाल है तो मुख्यमंत्री ने जजपा के सारे विधायक तोड़ लिए हैं और अब भाजपा जजपा का कोई गठबंधन नहीं रह गया है। वहीं प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कैप्टन अजय यादव ने कहा कि एक के बाद एक हर वर्ग को यह सरकार पीट रही है। अब पहलवानों को घसीटा जा रहा है। कुल मिलाकर इस सरकार ने किसी को नहीं छोड़ा है।
NEWS SOURCE : punjabkesari



