दिल्ली में अब महिलाएं चलाएंगी डीटीसी और क्लस्टर बसें

इस पहल को सरकार के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में लागू किया जा रहा है। दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मोडल ट्रांजिट सिस्टम लिमिटेड ने अपने सीएसआर समर्थन के तहत इस कार्यक्रम को लागू करने के लिए सोसाइटी फॉर ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एसडीटीआई) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। महिला चालकों को उक्त संस्थान में विशेषज्ञों द्वारा कौशल परीक्षण सहित योग्यता प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें कक्षा प्रशिक्षण और बस ड्राइविंग दोनों शामिल हैं। महिला चालकों को बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान पर अतिरिक्त प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। कौशल परीक्षण सहित बस चलाने की क्षमता के लिए प्रशिक्षण की अवधि 30 दिन होगी। पात्र महिला उम्मीदवारों को 05 बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
परिवहन विभाग डिम्ट्स के सहयोग से मिशन परिवर्तन नामक एक पहल को लागू कर रहा है जिसका लक्ष्य महिलाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने और नौकरी के अवसर पैदा करने के लिए एचएमवी ड्राइवर बनाकर महिलाओं को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली में प्रशिक्षित महिला एचएमवी ड्राइवरों का एक पूल बनाना और दिल्ली में महिलाओं के लिए अवसर और स्वरोजगार के बड़े दरवाजे खोलना है।
एसडीटीआई बुराड़ी ने पहले ही 100 से अधिक महिलाओं को संगठित किया था और इस कार्यक्रम के लिए 40 से अधिक महिलाओं को लर्नर लाइसेंस जारी किया गया था ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला बैच तुरंत शुरू हो सके। कार्यक्रम के लिए चुनी गई महिलाओं के पास पहले से ही एलएमवी लाइसेंस है और वे भारी वाहन चलाने को अपने पेशे के रूप में अपनाने की इच्छा रखती हैं। कार्यक्रम के लिए चुनी गई महिलाओं को उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने और उनके लिए बेहतर रोजगार के अवसर पैदा करने को ध्यान में रखते हुए जुटाया गया।
*प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए महिला उम्मीदवार का चयन मानदंड निम्नलिखित है:*
गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल श्रेणी) के उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्मीदवार को दिल्ली का निवासी होना चाहिए
उम्मीदवार को वैध एलएमवी लाइसेंस धारक होना चाहिए जो एचएमवी श्रेणी में उन्नयन के लिए पूर्व योग्यता है।
उम्मीदवार को महिला वर्ग के लिए कानून द्वारा अनिवार्य चिकित्सा मानक को पूरा करना चाहिए
इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षुओं को वाहन तंत्र और मरम्मत, ड्राइविंग, यातायात, शिक्षा, जनसंपर्क और आग के खतरों पर प्रशिक्षण, प्राथमिक चिकित्सा और वाहन रखरखाव पर प्रशिक्षण दिया जायेगा।
आयोजन के दौरान परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने महिला चालकों के साथ बातचीत की और उन्हे प्रोत्साहित किया । महिला ड्राइवरों ने अपने अनुभव, कार्यक्रम से उनकी आकांक्षाओं और दिल्ली की बसों को चलाने के उनके उत्साह को साझा किया। कैलाश गहलोत ने महिला ड्राइवरों को संबोधित करते हुए कहा “माननीय सीएम के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में परिवहन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाएं हैं। हम भर्ती नियमों में बदलाव लाए हैं और महिलाओं के लिए अनुभव और ऊंचाई पात्रता मानदंड में ढील दी है । हमारी नई बसें लो फ्लोर, स्वचालित और चलाने में बहुत आसान हैं। ”



