आर. माधवन ने पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर तोड़ी चुप्पी
सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली/हैदराबाद: बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के चेयरमैन आर. माधवन ने पेपर लीक विवाद और छात्रों के आंदोलन पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उनका बयान ऐसे समय आया है, जब FTII के कुछ छात्रों ने उनके कार्यालय की नेम प्लेट पर ‘गायब’ का टैग लगाकर विरोध दर्ज कराया था।
शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
आर. माधवन ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने लंबे नोट में कहा कि किसी भी देश के विकास की नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है। उन्होंने कहा कि हर छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित शिक्षा प्रणाली का हकदार है।
माधवन ने लिखा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा पर उन्हें हमेशा भरोसा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदों और वर्षों की मेहनत को भी प्रभावित करती हैं।
पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अभिनेता ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि पेपर लीक मामलों में शामिल हर दोषी के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी सजा दी जाए, जो भविष्य में किसी को भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने से रोके।
Read Also : दिल्ली में सुरक्षा के चलते आज भी 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि सरकार शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधार करेगी।
छात्रों को दिया हौसला
आर. माधवन ने अपने संदेश में छात्रों से निराश न होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की कमियां उनकी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास से बड़ी नहीं हो सकतीं। उन्होंने युवाओं से लगातार मेहनत करने और अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखने का आग्रह किया।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
माधवन की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। जहां कई लोगों ने उनके बयान का समर्थन किया, वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि उन्होंने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने में देर क्यों की। कुछ लोगों ने उनके पोस्ट की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा।



