इससे पहले दो दिन के लिए रोका गया था परिचालन, Go First ने अब 5 मई तक उड़ानें कीं रद्द

IMAGES SOURCE : GOOGLE

वाडिया समूह (Wadia Group) के स्वामित्व वाली एयरलाइन गो फर्स्ट (airline go first) नकदी के गंभीर संकट की वजह से 5 मई तक अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित रखेगी। इससे पहले, एयरलाइन ने दो दिन (3-4 मई) के लिए उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही एयरलाइन ने राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) की दिल्ली पीठ में स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया (voluntary insolvency resolution process) के लिए भी आवेदन किया है।

 

एयरलाइन के प्रमुख कौशिक खोना ने कहा कि एयरलाइन को प्रैट एंड व्हिटनी (P&W) से इंजन की आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से अपने बेड़े के आधे से अधिक यानि 28 विमानों को खड़ा करना पड़ा है। इस वजह से एयरलाइन के समक्ष नकदी का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘दिवाला समाधान के लिए आवेदन करना एक दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है लेकिन कंपनी के हितों के संरक्षण के लिए ऐसा करना जरूरी था।” एयरलाइन ने सरकार को भी इन घटनाक्रमों की जानकारी दे दी है। साथ ही वह नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट सौंपने जा रही है।

 

कंपनी ने नोटिस में कहा कि एयरलाइन की उड़ानें 3-4 और 5 मई को निलंबित रहेंगी। उसके बाद उड़ानों का परिचालन फिर शुरू होगा। गो फर्स्ट के कर्मचारियों की संख्या 5,000 से अधिक है। गो फर्स्ट ने यह भी कहा कि वह यात्रियों को उनके टिकट का पूरा पैसा वापस करेगी। कंपनी ने कहा कि हमें इस बात का अफसोस है कि परिचालन संबंधी कारणों से गो फर्स्ट की उड़ानें 3, 4 और 5 मई, 2023 को निलंबित रहेंगी। उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को जो असुविधा हुई हैं, हम उसके लिए माफी मांगते हैं…हम जो भी सहायता दे सकते हैं, वह देंगे और उसके लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button