राज्य में एक दिन का राजकीय शोक, पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का आज होगा अंतिम संस्कार

IMAGES SOURCE : GOOGLE

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का आज अंतिम संस्कार मुक्तसर के बादल गांव में किया जाएगा। यह उनका पुश्तैनी गांव है। पंजाब में आज एक दिन राजकीय शोक घोषित किया गया है। बादल को सांस लेने में समस्या पेश आने के बाद 16 अप्रैल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 वर्ष के थे। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, विभाग, बोर्ड, निगम और शैक्षणिक संस्थान बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। केंद्र सरकार पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में 26 और 27 अप्रैल को दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा पहले ही कर चुकी है।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को चंडीगढ़ में शिरोमणि अकाली दल के पार्टी मुख्यालय में प्रकाश सिंह बादल को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।  उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। बादल सात दशक से अधिक समय तक पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पटियाला से सांसद परनीत कौर सहित कई नेताओं ने प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम बार 2017 में जीता था चुनाव

प्रकाश सिंह बादल ने अंतिम बार विधानसभा चुनाव 2017 में जीता था, जब उन्होंने लंबी सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार अमरिंदर सिंह को हराया था। चुनाव प्रचार के दौरान सिंह ने बादल पर जमकर हमला बोला था, लेकिन उन्हें (सिंह को) 22,770 मतों के अंतर से शिकस्त मिली थी। यहां तक कि शिअद-भाजपा गठजोड़ को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। यह संभवत: बादल के लिए सबसे कड़ी चुनौती थी, जो उस वक्त 89 वर्ष की आयु में चुनाव मैदान में एक त्रिकोणीय मुकाबले में थे क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) ने जरनैल सिंह को उम्मीदवार बनाया था।

 

NEWS SOURCE : indiatv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button