दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में युवक की हत्या से सनसनी, 9 गिरफ्तार

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की उम्र 20 साल बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. उत्तम नगर निवासी कृष्णा की 24 अप्रैल को पिटाई की गई थी. पिटाई से घायल कृष्णा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन 5 मई को कृष्णा ने दम तोड़ दिया.
युवक की पिटाई दूसरी कॉलोनी के लड़कों ने की
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना 24 अप्रैल को बिंदापुर से मिली थी. मृतक की बहन कोमल ने पीसीआर को फोन पर सूचना दी कि दूसरी कॉलोनी के कुछ लड़कों ने भाई को ले जाने से पहले उसकी पिटाई कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू की. पूछताछ के बाद पुलिस ने पाया कि कृष्णा का होली के दिन सूरज नामक युवक से झगड़ा हुआ था.
होली पर झगड़े का हिसाब चुकता किया
सूरज कृष्णा से हिसाब चुकता करने की फिराक में था. मौका पाकर सूरज दोस्तों के साथ कृष्णा के घर पहुंचा और उसकी पिटाई कर दी. घायल युवक को इलाज के लिए भगवती विहार ले जाया गया. लेकिन हालत में सुधार होता ना देख डीडीयू अस्पताल पहुंचा गया. डीडीयू अस्पताल में हालत बिगड़ने पर कृष्णा को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. सफदरजंग अस्पताल में युवक को बचाने की सारी कवायद नाकाम साबित हुई.
News Source : ABP Live Hindi



