नवरात्रि, रमजान और ईद-उल-फितर के सफल आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक की

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री, इमरान हुसैन ने दिल्ली नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड एवं बीएसईएस के अधिकारियों सहित सभी संबंधित एजेंसियों के साथ नवरात्रि, रमजान और ईद-उल-फितर के आगामी त्योहारों के सफल आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक की। मंत्री इमरान हुसैन ने दिल्ली में धार्मिक उत्सवों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने बैठक के दौरान कहा कि त्योहारों तथा उत्सवों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों पर जाकर प्रार्थना और पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में विशेष रूप से त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास की सड़कों और गलियों में पर्याप्त स्वच्छता और साफ-सफाई की आवश्यकता पड़ेगी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान उचित जल निकासी और स्वच्छ पानी की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इमरान हुसैन ने कहा कि धार्मिक स्थलों के आस-पास वाटर टैंकरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ताकि गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने एमसीडी के अधिकारियों के साथ त्योहारों के दौरान स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की और त्योहारों के अवसर पर दिन में दो बार यानी सुबह और शाम को सड़कों और गलियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने दिल्ली नगर निगम को सड़कों और गलियों की साफ़-सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारी भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इमरान हुसैन ने त्योहारों के दौरान बीएसईएस से बिजली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत/रखरखाव करने के भी निर्देश दिए ताकि सभी स्ट्रीट लाइट लगातार रोशन हो सकें । बीएसईएस को अपनी दक्षता प्रबंधन और शिकायत निवारण प्रणाली में सुधार लाने के लिए भी कहा गया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने सभी दिल्लीवासियों को नवरात्रि, और रमजान की पूर्व संध्या पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहार खुशी और सद्भाव के प्रतीक हैं और सभी दिल्लीवासियों के द्वारा उल्लास से मनाये जाते हैं। राजधानी दिल्ली के सभी त्योहार दिल्ली की मिश्रित संस्कृति को दर्शाते हैं । उन्होने कहा, “अरविंद केजरीवाल की सरकार त्योहारों के दौरान स्वच्छ पेयजल, समुचित बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इमरान हुसैन ने दिल्ली के लोगों से अपील की कि वे त्योहारों के अवसर पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करें और कोविड-19 के प्रति सजग रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button