मुसलमानों को धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक जंग जारी रहेगी : तौकीर रजा

बरेली। आईएमसी (IMC) के बैनर तले बुलाई गई मुस्लिम धर्म संसद में पार्टी प्रमुख ने ऐलान किया कि हरिद्वार धर्म संसद में मुसलमानों को धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक जंग जारी रहेगी। तब तक ऐसे लोगों के खिलाफ 20 हजार नौजवान हर जुमे को विरोध जताने निकलते रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमारा नौजवान बेकाबू हो गया तो पूरे हिन्दुस्तान में पनाह नहीं मिलेगी। उन्होंने हिन्दुओं से अधर्म के खिलाफ जंग में मुसलमानों का साथ देने की अपील भी की।
इस्लामिया मैदान में शुक्रवार को हुई मुस्लिम धर्म संसद में तौकीर रजा (Tauqir Raza) ने हुकूमत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेईमान हुकूमत अपने आतंकवादियों को भेज दो। योगी अपनी पुलिस को भेज दो। हम यहां से नहीं हिलेंगे। अब हमारे सब्र का बांध टूट रहा है। तौकीर ने कहा, ‘क्या रावण मुसलमान था। भगवान राम ने रावण का वध किया था। कृष्ण ने कंस का वध किया। क्या कंस मुसलमान था। पांडवों ने कौरवों का वध किया। क्या कौरव मुसलमान थे। तौकीर ने कहा कि किस किताब में लिखा है कि हिन्दू और मुसलमानों को लड़ना चाहिये। हर दौर में अच्छे और बुरे में लड़ाई हुई है। जब तक दुनिया है तब तक जंग होती रहेगी।
तौकीर ने हिन्दू समाज से अच्छाई का साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी धर्म में यह नहीं सिखाया जाता है कि लोगों का कत्लेआम शुरू कर दो। दशहरा में हर बार यही होता है कि बुराई पर अच्छाई की जीत होती है। रावण इसलिये मारा गया क्योंकि उसने सीता मैया का हरण किया था। रावण महिलाओं पर बुरी नीयत रखता था। क्या आज राम के भक्तों और वंशजों की जिम्मेदारी नहीं है कि महिलाओं पर गलत निगाह रखने वाले ऐसे रावण और उनके वंशजों का वध करें।
मैदान में भीड़ को देखते हुए मौलाना ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने मुसलमानों पर कोई कार्रवाई की तो कानपुर में नहीं अगले जुमे को बरेली में ही फिर ऐसे ही मुसलमान इकठ्ठा होंगे। कानपुर में अगले जुमे को 20 हजार लोग इसी तरह से इकठ्ठा होंगे। मौलाना ने कहा कि देश के सभी सूबे से इस तरह के मुस्लिम धर्म संसद कराने की दावत आ रही है। महाराष्ट्र, बेंगलुरु से भी बुलावा आ रहा है। (वेब वार्ता)



