दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाएं निखारने के लिए करेगा विशेष प्रयास

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (South Delhi Municipal Corporation) के आयुक्त ज्ञानेश भारती ने बताया कि दक्षिणी निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए एक पाॅयलेट प्रोजक्ट आरंभ किया है जिसके अंतर्गत स्पोर्ट्स सेल स्थापित किया गया है। नजफगढ़ क्षेत्र से स्पोर्ट्स सेल एवं ग्रासरूट फुटबॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ करने की रूपरेखा तैयार की है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने स्कूली बच्चों में खेलों एवं शारीरिक शिक्षा को बल देने के लिए ’खेलो इंडिया’ कार्यक्रम आरंभ किया था। एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है इसी परिकल्पना को आधार मान कर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने छात्रों में खेलों के प्रति रुचि उत्पन्न करने एवं उन्हे उच्च कोटि का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक स्पोर्ट्स सेल का गठन करने का निर्णय लिया है तथा इसी कड़ी में नजफगढ़ क्षेत्र में ग्रासरूट फुटबॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आरंभ किया जायेगा, जिसके लिए अनुबंध आधार पर फुटबॉल प्रशिक्षकों के लिए दक्षिणी निगम ने आवेदन मंगाए हैं।
आयुक्त ज्ञानेश भारती ने प्रस्तावित स्पोर्ट्स सेल के गठन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि निगम विद्यालयों के छात्रों के लिए खेलों का किसी भी प्रकार का आधारभूत ढांचा उपलब्ध नहीं है। इस कमी को पूरा करने के लिए दक्षिणी निगम का शिक्षा विभाग स्पोर्ट्स काम्पलेक्स/स्टेडियम एवं बड़े खेल के मैदानों के डिजाइन, निर्माण, संचालन एवं हस्तांतरण आधार पर विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी निगम के विद्यालयों में ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के छात्रों के लिए खेल सुविधाओं का निर्माण करना वक्त की मांग है तथा प्राथमिक स्तर पर पाठ्यक्रम में खेलों को सम्मिलित करने से छात्रों का शारीरिक विकास भी अच्छा होगा वहीं दूसरी ओर देश में पेशेवर खेलों के क्षेत्र में भी विकास होगा।
आयुक्त ज्ञानेश भारती ने कहा कि आरंभिक परियोजना को क्रियान्वित करने के लिए अतिरिक्त आयुक्त (शिक्षा) की अध्यक्षता में दक्षिणी निगम में स्पोर्ट्स सेल का गठन किया गया है तथा इसी क्रम में नजफगढ़ क्षेत्र में चार जगहों क्रमशः ककरौला, झाडौदा, पोचनपुर और सुरहेऱा में ’ग्रासरूट फुटबॉल प्रशिक्षण’ कार्यक्रम आरंभ करने जा रहा है।
आयुक्त ज्ञानेश भारती ने कहा कि इस कार्यक्रम के सफल होने की स्वर्णिम संभावनाएं हैं तथा इसके माध्यम से हम दक्षिणी निगम के विद्यालयों से प्रतिभाओं को आकर्षित करने एवं निखारने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वियन के पश्चात् इसे दक्षिणी निगम के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा तथा इसमें क्रिकेट जैसे अन्य खेलों को भी सम्मिलित किया जायेगा।



