मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय मेलों के आयोजनों की ली फीडबैक
करनाल, आशुतोष गौतम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Chief Minister Manohar Lal) ने मंगलवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ परिवार पहचान पत्र को लेकर जाति, आय, दिव्यांग, प्रोपर्टी आईडी वैरिफिकेशन कार्य की समीक्षा तथा अंत्योदय मेलों के आयोजनों व फोलो-अप की फीडबैक ली और निर्देश दिए कि जो व्यक्ति मेलों में अनुपस्थित रहे हैं, उन्हें फोलो-अप में बुलाकर किसी न किसी योजना का लाभ दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अंत्योदय मेलों में जिन विभागों ने लोगों के आवेदन पत्र रद्द हुए हैं, संबंधित विभाग उनका कारण स्पष्ट करें तथा एडीसी गहन रूचि लेकर संबंधित विभागों से रिपोर्ट प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि गरीब लोगों की आमदनी बढ़ाने को लेकर विभागों द्वारा नई स्कीम भी बनाई सकती है और जो विभाग नई योजना लेकर आएगा उन अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अंत्योदय मेलों का मुख्य उद्देश्य गरीब लोगों की आमदनी बढ़ाना है, सभी विभागों के अधिकारी ऐसी स्कीमों का अध्ययन करें जिन्हें परिवार पहचान पत्र से जोड़कर गरीब लोगों को लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि मेलों में आए आवेदन पत्रों को लंबित न रखते हुए उनका एक सप्ताह में निपटारा करें। यदि किसी परिवार के मुखिया की आयु 55 से 60 वर्ष के बीच में है और किसी स्कीम में लाभ नहीं मिल रहा है तथा उसके परिवार में 18 से 55 वर्ष की आयु का अन्य कोई सदस्य नहीं है तो ऐसे व्यक्ति को आयु सीमा में छूट देकर योजना का लाभ अवश्य पहुंचाएं। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि बैंकर्स ऋण के फार्मों को रद्द न करें, अगर कोई गारंटी की बात आती है तो उसे राज्य सरकार पूरा करवाएगी।
उन्होंने कहा कि समर्पण पोर्टल पर सेवा निवृत सैनिकों व राज्य के अधिकारियों/कर्मचारियों को पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित करें और यह पंजीकरण की संख्या बढ़ाएं। जिन लोगों के पास समय है वह समाज सेवा की भावना से सरकारी कामों में भी उनका सहयोग ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग ई-ऑफिस के माध्यम से फाईल मूवमेंट करें। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने वीसी में बताया कि करनाल जिला में परिवार पहचान पत्र को लेकर आय वैरिफिकेशन का कार्य 93 प्रतिशत पूरा हो चुका है, शेष कार्य को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसी प्रकार जाति वैरिफिकेशन का कार्य भी जोरों पर है, अब तक 81 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों व प्रोपर्टी आईडी की वैरिफिकेशन का कार्य किया जा रहा है तथा बच्चों की मैपिंग का कार्य भी जारी है। उन्होंने कहा कि प्राप्त हुए आदेशों की दृढ़ता से अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। वीसी के बाद उपायुक्त ने परिवार पहचान पत्र कार्य से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जाति, आय, दिव्यांग, प्रोपर्टी आईडी के वैरिफिकेशन के कार्य में तेजी लाएं। इसके अलावा अंत्योदय मेलों में गैर हाजिर परिवारों से निजी तौर पर सम्पर्क करें और उन्हें फोलो-अप मेलों में लेकर आएं तथा अन्य किसी योजना से लाभान्वित करें। जिन लोगों के आवेदन पत्र रद्द हुए हैं संबंधित विभाग उसकी स्टेटस रिपोर्ट अतिरिक्त उपायुक्त को दें ताकि उनकी निजी तौर पर कारणों की जांच करवाई जा सके।
ओमिक्रोन के प्रति रहें सजग, विदेशों से आने वाले लोगों पर प्रशासन रखे कड़ी नजर – मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि ओमिक्रोन के प्रति सजग रहें, विशेषकर विदेशों से आने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखें, एंट्री प्वाईंट पर उनके टैस्ट करवाएं, जब तक टैस्ट रिपोर्ट नहीं आती तब तक उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर न जाने दें बल्कि आईसोलेट करें। उन्होंने कहा कि लोगों को मास्क, हाथ धोने, दो गज की दूरी बनाए रखें तथा सैनिटाईजेशन के लिए जागरूक करते रहें। ओमिक्रोन का फैलाव जल्दी होता है, कहीं पर भी ढिलाई न बरतें। उन्होंने कहा कि 3 जनवरी से 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों का वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू हो जाएगा, इसके साथ-साथ 10 जनवरी से फ्रंटलाईन वर्कर, 60 वर्ष व इससे अधिक आयु के लोगों को बूस्टर डोज वैक्सीनेशन का कार्यक्रम चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अब तक दूसरी डोज नहीं लगवाई है, वे जल्द ही दूसरी डोज लगवाएं।



