शरद ऋतु में ठंडी हवाओं से बचाव हेतु बेसहारों का सहारा बना गाजियाबाद नगर निगम

कमलेश पांडेय/विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। महापौर आशा शर्मा तथा नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर (Mahendra Singh Tanwar) के निर्देश के अनुसार गाजियाबाद नगर निगम द्वारा पूरे शहर में बेसहारा लोगों के लिए आश्रय स्थलों में बहुत ही बेहतर प्रबंध किए हुए हैं। जिसके चलते सर्दी से बचने के लिए भी कंबल बिस्तर तथा अलाव की बेहतर व्यवस्था की गई है।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि शहर में सभी जोनों में 12 स्थाई तथा 6 अस्थाई आश्रय स्थल पूरी व्यवस्थाओं पर चल रहे हैं। समस्त जोनल प्रभारियों को भी अपने-अपने जोन में प्रतिदिन आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहां प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था, फॉगिंग की व्यवस्था, बिस्तरों की व्यवस्था, अलाव की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है।
उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि शहर के ऐसे स्थान जहां पर अत्यधिक लोग सर्दियों से ठिठुरते रहते हैं, वहां अलाव की व्यवस्था के प्रबंध कराए जा रहे हैं। आश्रय स्थलों पर लोगों को सर्दी से राहत के लिए अलाव की व्यवस्था करा दी गई है, ताकि बेसहारा लोगों को ठंडी के मौसम में राहत मिल सके। आश्रय स्थलों पर शौचालय, बिस्तर के साथ-साथ अलाव की व्यवस्था से बेसहारा लोगों में राहत का अनुभव हो रहा है। डॉ अनुज द्वारा यह भी बताया गया कि शहर में लगभग 45 से 50 स्थानों पर प्रतिदिन अलाव की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थल व अन्य ऐसे स्थान जहां पर सर्दियों से बचाव हेतु लोग बैठे दिखाई देंगे, वहां पर भी अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी।
गाजियाबाद नगर निगम (Ghaziabad Municipal Corporation) द्वारा गौशाला नंदी पार्क में भी अलाव की व्यवस्था पशुओं के लिए बेहतर करा दी गई है। निगम पार्षदों का भी शहर में अलाव व्यवस्था सुचारू करने में सहयोग किया जा रहा है। साथ ही जो लोग सड़कों पर सोते दिखाई देते हैं या बेसहारा है, उनको आश्रय स्थल में पहुंचाने की व्यवस्था भी गाजियाबाद नगर निगम द्वारा सुचारू रूप से कराई जा रही है, ताकि शीत ऋतु में किसी प्रकार उनको परेशानी ना हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button