सीए चुनाव 2021 निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया गया

कमलेश पांडेय/विशेष संवाददाता, गाजियाबाद। जयपुरिया स्कूल ऑफ बिज़नेस, गाजियाबाद में सीए चुनाव निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया गया। त्रैवार्षिक चार्टर्ड एकाउंटेंट चुनाव के लिए वोट गत 3 और 4 दिसम्बर को मतदान केन्द्र, जयपुरिया स्कूल ऑफ बिजनेस, गाजियाबाद में व्यवस्थित तरीके से डाले गए। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) द्वारा आयोजित चुनाव आईसीएआई के उत्तर भारत क्षेत्रीय परिषद (एनआईआरसी) और मध्य भारत क्षेत्रीय परिषद (सीआईआरसी) के सदस्यों के लिए थे।
मतदान केन्द्रों में से एक जयपुरिया स्कूल ऑफ बिजनेस ने आईसीएआई की चुनाव आचार संहिता- 2021 का कड़ाई से पालन किया, जिसमें सभी उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार के प्रचार से प्रतिबंधित किया गया। मतदान स्थल पर आईसीएआई के दो पर्यवेक्षक और पोलिंग ऑफिसर “पंकज कुमार झा” उपस्थित थे। गेट पर कड़ी सुरक्षा ने केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश करने दिया। आईसीएआई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जयपुरिया स्कूल ऑफ बिजनस में कुल 547 वोट डाले जाने थे।
बिक्रम अग्रवाल, सीएफओ, जयपुरिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स ने कहा कि सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई। जयपुरिया स्कूल ऑफ बिजनेस ने मतदान को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए सभी प्रबंध किये थे। यह चुनाव एनआईआरसी एवं सीआईआरसी के क्षेत्रीय परिषद सदस्यों के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव था। हमें इस प्रक्रिया में सहयोग देने पर बहुत खुशी है। चुनाव के दौरान संस्थान के निदेशक जितेन्द्र कुमार मिश्रा भी उपस्थित थे।



