दिल्ली सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की वृद्धि पर कड़ी नजर रखे हुए है -इमरान हुसैन

नई दिल्ली। दिल्ली के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री  इमरान हुसैन ने आज दिल्ली के बाजारों में टमाटर की खुदरा कीमतों में लगातार वृद्धि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। दिल्ली के बाज़ारों में टमाटर की कीमतों में लगातार तेजी के कारणों को जानने के लिए हुई बैठक में आयुक्त, खाद्य और नागरिक आपूर्ति (सीएफएस), जॉइन्ट कमिश्नर,(सीएफएस) और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इंटेलिजेंस टीम के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने दिल्ली में टमाटर की कीमतों में अचानक आई तेजी को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। इमरान हुसैन ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आयुक्त को निर्देशित किया कि टमाटर की कीमतों में अचानक वृद्धि के कारणों का पता लगाने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की मार्केट इंटेलिजेंस यूनिट को बाजार में तुरन्त कार्रवाई करने के लिए उतारा जाये ।

श्री  इमरान हुसैन ने अन्य कमोडिटी जैसे प्याज, आलू एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों से सम्बंधित ट्रेंड की भी समीक्षा की।  श्री इमरान हुसैन ने अधिकारियों को किसी भी आवश्यक वस्तु की जमाखोरी गतिविधि के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मार्केट इंटेलिजेंस टीमें टमाटर की जमाखोरी और कालाबाजारी से सम्बंधित जानकारी भी जुटाएं, ताकि संबंधित विभाग आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत समुचित कार्रवाई कर सकें।

श्री  इमरान हुसैन ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को आजादपुर मंडी, ओखला मंडी, गाजीपुर मंडी, केशोपुर मंडी आदि थोक बाजारों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिया । उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में स्थिरता के लिए दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में खुदरा बाजारों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग जमाखोरों, कालाबाजारी करने वालों आदि के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड (डीएएमबी) की सेवाएं भी ले सकता है । इमरान हुसैन ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को नियमित आधार पर उनके समक्ष निरीक्षण रिपोर्ट भेजने का भी निर्देश दिया।

श्री इमरान हुसैन ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की वृद्धि के प्रति कड़ी नजर रख रही है और उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी आवश्यक होगा, दिल्ली सरकार राजधानी दिल्ली में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की स्थिरता के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।  दिल्ली में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए,  उन्होंने आयुक्त (खाद्य आपूर्ति) को सम्बंधित विभागों और एजेंसियों जैसे एपीएमसी, दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड (डीएएमबी), नेफेड, आदि के साथ साप्ताहिक बैठकें बुलाने का भी निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि टमाटर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें स्थिर बनी रहें। इमरान हुसैन ने खाद्य आपूर्ति विभाग को टमाटर और अन्य मौसमी सब्जियों के साथ-साथ अन्य आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतों, उनकी उपलब्धता और आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भी कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button