वर्ल्ड प्रीमैच्योरिटी डे 17 को, यशोदा हॉस्पिटल कौशाम्बी आयोजित करेगा जनजागरूकता कार्यक्रम

ब्यूरो, गाजियाबाद। आगामी बुद्धवार को विश्व समयपूर्वता दिवस, वर्ल्ड प्रीमैच्योरिटी डे दिवस के अवसर पर यशोदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कौशाम्बी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसे फेसबुक पर भी लाइव किया जाएगा। इस बात की जानकारी देते हुए चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों ने बताया कि हर माँ का सपना एक स्वस्थ शिशु को जन्म देने का होता है।
तमाम परेशानियों को झेलते हुए हर महिला जब गर्भ धारण करती है तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं होता। अपने मन को पक्का कर वह 9 माह अपने आने वाले बच्चे को कोख में रखती है और प्रसव के समय का इंतजार करती रहती है। हम सब जानते हैं कि सामान्य तौर पर शिशु का जन्म नौ महीने के बाद होता है, किंतु कुछ शारीरिक एवं स्वास्थ्य व्यवधानों के कारण शिशु नौ महीने से पहले ही जन्म ले लेते हैं। सामान्य प्रसव काल से पहले जन्मे बच्चें को प्रीमैच्योर बेबी कहा जाता है।
दुनिया भर में 5 साल से कम उम्र के बच्चों में मृत्यु का प्रमुख कारण समय से पहले पैदा होना है, इसीलिये संयुक्त राज्य अमेरिका और विश्व स्तर पर शिशु मृत्यु के लिए समय से पहले जन्म और इसकी जटिलताओं जैसे स्वास्थ्य संकटों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 17 नवंबर को, विश्व समयपूर्वता दिवस यानी वर्ल्ड प्रीमैच्योरिटी डे दिवस मनाया जाता है।
# यशोदा हॉस्पिटल ने लोगों को डॉक्टरों के साथ बातचीत करने के लिए किया आमंत्रित
नियोनेटोलॉजी विभाग, यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, कौशाम्बी, गाजियाबाद बुद्धवार को “प्री-टर्म बेबीज़” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। जिसमें सभी को डॉक्टरों के साथ बातचीत करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस कार्यक्रम में नियोनेटोलॉजिस्ट (नवजात विशेषज्ञ) और प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गर्भावस्था और प्रसव विशेषज्ञ डॉक्टर) , डॉ अजीत कुमार नियोनेटोलॉजिस्ट और इंटेंसिविस्ट, यशोदा कौशाम्बी एवं डॉ दीपिका रस्तोगी, नियोनेटोलॉजिस्ट और इंटेंसिविस्ट, यशोदा कौशाम्बी समय से पूर्व होने वाले बच्चों की स्वास्थ्य सम्बन्धी चुनौतियों के बारे में चर्चा करेंगे। साथ ही इस विश्व समयपूर्वता दिवस पर 17 नवंबर, 2021 को फेसबुक लाइव के माध्यम से भी लोगों को जोड़ा जायेगा।



