स्कूल में लगाया सात दिवसीय एनएसएस शिविर

करनाल, आशुतोष गौतम। श्री राम चरित मानस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर लगाया जा रहा है। शिविर के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण, डिजीटल इंडिया व नशा मुक्त भारत पर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जिला कोर्डिनेटर संदीप गौतम ने विद्यार्थियों को एनएसएस के इतिहास से अवगत करवाते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर देश के युवाओं में व्यक्तित्व विकास करने के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना 24 सितंबर, सन् 1969 ई. को की गई थी। शिविर में आयोजित गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी, समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के हित के कार्य करते है। जैसे- साक्षरता संबंधी कार्य, पर्यावरण सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सफाई आपातकालीन या प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ित लोगों की सहायता आदि। उन्होंने कहा कि सभी देशों के निर्माण में यहां के युवाओं का सबसे बड़ा योगदान होता है। युवाओं के कंधों पर ही देश की जि मेदारी है, और ये युवा देश के विकास में अपनी भूमिका निभा भी रहे हैं। संदीप गौतम ने युवाओं को राष्ट्रीय सेवा से जोड़ने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सुमन रानी सहित स्कूल स्टॉफ मौजूद रहा।



