मामूली विवाद में दोस्त का दुश्मन बन गया सैलून चलाने वाला शख्स, आंख में मिर्च डालकर कैंची और हथौड़े से कर दी हत्या

जयपुर: कई बार गुस्से में आपा खोकर इंसान ऐसी वारदात को अंजाम दे डालता है, जिसके बारे में उसने सोचा भी नहीं होता। राजस्थान के उदयपुर जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। बुधवार को एक युवक ने अपने दोस्त की मामूली विवाद के बाद कैंची और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है।
थानाधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि कानपुर गांव में सैलून चलाने वाले अनिल नाई ने मामूली विवाद के बाद अपने दोस्त राकेश रावल की आंखों में मिर्च डालकर, कैंची और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपी अनिल नाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी ने अपने दोस्त की हत्या की बात को कबूल लिया है, और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये खेरवाड़ा के राजकीय चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखा गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई के सूरत (गुजरात) से यहां पहुंचने पर गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा और उसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा।
NEWS SOURCE : indiatv



