पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल में शुरु हुई मेडिकल आईसीयू की सुविधा

एजेंसी/नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण को देखते हुए पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने दिलशाद गार्डन स्थित स्वामी दयानंद अस्पताल में 10 आईसीयू बेड की सुविधा शुरू कर दी है। कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान स्वामी दयानंद अस्पताल में आईसीयू बेड की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके चलते बहुत सारे मरीजों को स्वामी दयानंद अस्पताल से अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ा था जिससे मरीजों को काफी असुविधा हुई थी।

स्वामी दयानंद अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. रजनी खेडवाल ने बताया कि कोविड-19 की तीसरी संभावित लहर को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के एकमात्र बड़े अस्पताल को  आईसीयू बेड तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। अस्पताल प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू की व अस्पताल के वार्ड नम्बर 4 को 10 बेड वाले मेडिकल आईसीयू में विकसित किया।

डॉ. खेडवाल का कहना है कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल द्वारा सीमित संसाधनों के माध्यमों से नागरिकों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button